पश्चिमी चंपारण में अज्ञात वाहन की ठोकर से मुर्गा कारोबारी की मौत, तीन बेटियों ने खोया पिता
पश्चिमी चंपारण के मटियरिया थाना क्षेत्र में अज्ञात वाहन की टक्कर से मुर्गा कारोबारी इम्तियाज अंसारी की मौत हो गई। ...और पढ़ें

मृतक के दरवाजे पर शोकाकुल लोगों की भीड़। सौ. ग्रामीण
HighLights
अज्ञात वाहन की ठोकर से मुर्गा कारोबारी की मौत।
मृतक इम्तियाज अंसारी की तीन बेटियां हुईं अनाथ।
पुलिस जांच में जुटी, परिजनों ने पोस्टमार्टम से इनकार किया।
संवाद सूत्र, जागरण, गौनाहा (पश्चिमी चंपारण)। West Champaran Road Accident: मटियरिया थाना क्षेत्र के त्रिवेणी नहर रोड पर अज्ञात वाहन की ठोकर से बाइक सवार मुर्गा कारोबारी की मौत हो गई।
मृतक की पहचान हौदा डूमरा निवासी हजरत अंसारी के पुत्र इम्तियाज अंसारी (35) के रूप में हुई है। इम्तियाज के पीछे पत्नी और तीन मासूम बेटियां हैं।
मुर्गा लाने निकले थे इम्तियाज
बताया जाता है कि इम्तियाज घर पर खाना खाकर मुर्गा लाने के लिए बाइक से मेघौली चौक निकले थे। इसी दौरान कुशहवा गांव से आगे भोड़हा नदी के पास नहर रोड पर किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में ठोकर मार दी। हादसे में बाइक से गिरने के बाद इम्तियाज की मौत हो गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी। इसके बाद मटियरिया थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी। इम्तियाज की मौत की खबर मिलते ही स्वजनों में कोहराम मच गया।
तीन बेटियों के सिर से उठा साया
पत्नी हाजरा खातून बार-बार बेहोश हो रही थीं। रोते हुए उन्होंने बताया कि सुबह खाना बनाकर पति को खिलाया था, क्या पता था कि अब वह कभी लौटकर नहीं आएंगे।
उन्होंने कहा कि अब तीनों बेटियों की परवरिश कौन करेगा और परिवार का सहारा कौन बनेगा। मृतक की बेटियों के नाम जेवा प्रवीण, फरीन परवीन और जोया परवीन हैं।
मटियरिया थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच कर रही है। शव का पोस्टमार्टम कराने के लिए स्वजनों से कहा गया, लेकिन उन्होंने इससे इनकार कर दिया। मामले में अब तक कोई आवेदन नहीं मिला है और पुलिस अपने स्तर से घटना की छानबीन कर रही है।