विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार में मां दुर्गा की डोली यात्रा में अचानक मचा हड़कंप, कुत्ते ने 50 से अधिक लोगों को काटा

By Amit ShuklaEdited By: Dharmendra Singh
Published: Sun, 18 Oct 2026 10:16 AM (IST)

बगहा में नवरात्र डोली शोभायात्रा के दौरान एक पागल कुत्ते ने 50 से अधिक लोगों को काटकर घायल कर दिया, ...और पढ़ें

कुत्ते ने लोगों को काटकर घायल कर दिया।

कुत्ते ने लोगों को काटकर घायल कर दिया।

जागरण संवाददाता, बगहा (पश्चिम चंपारण)। नवरात्र के उल्लास के बीच पश्चिम चंपारण जिले के बगहा बाजार में अचानक अफरातफरी मच गई। मां दुर्गा के सातवें स्वरूप की पूजा के लिए निकली डोली शोभायात्रा के दौरान एक पागल कुत्ते ने ऐसा आतंक मचाया कि लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।

देखते ही देखते रामधाम मंदिर से सिनेमा चौक होते हुए लक्ष्मी चौक तक कुत्ते ने 50 से अधिक लोगों को काटकर घायल कर दिया। घायलों में बच्चे और बुजुर्ग भी शामिल हैं। घटना से पूरे बाजार में अफरातफरी और दहशत का माहौल बन गया।

शोभायात्रा के दौरान हमला

नवरात्र को लेकर बाजार में चहल-पहल थी। इसी दौरान डोली शोभायात्रा के बीच पागल कुत्ते ने लोगों पर हमला करना शुरू कर दिया। अचानक हुए हमले से लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।

कुत्ते के काटने से कई लोग घायल हो गए। घटना के बाद बाजार में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। लोग कुत्ते से बचने के लिए सुरक्षित स्थानों की ओर भागते नजर आए।

बच्चों और बुजुर्गों समेत कई घायल

कुत्ते के हमले में घायल सभी लोगों को इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों की देखरेख में घायलों का उपचार शुरू किया गया।

कार्यरत चिकित्सक डॉ. पुष्पराज के अनुसार, पांच गंभीर रूप से घायल लोगों की स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए जीएमसीएच, बेतिया रेफर किया गया है। घटना के बाद लोगों में कुत्ते के हमले को लेकर भय बना हुआ है।

अस्पताल में नहीं मिली एंटी रेबीज वैक्सीन

घटना के बीच स्वास्थ्य व्यवस्था की कमी भी सामने आई। अनुमंडलीय अस्पताल में कुत्ते के काटने पर दी जाने वाली एंटी रेबीज वैक्सीन उपलब्ध नहीं थी। ऐसे में घायलों को इलाज के लिए जरूरी सूई निजी दुकानों से खरीदनी पड़ी।

अचानक बड़ी संख्या में लोगों के घायल होने से परेशानी और बढ़ गई। घटना ने बाजार में आवारा कुत्तों के आतंक और अस्पताल में जरूरी दवाओं की उपलब्धता को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

यह भी पढ़ें- मुजफ्फरपुर में जीविका दीदियों का कमाल, 2.5 लाख से अधिक महिलाएं बनीं लखपति