पश्चिमी चंपारण के लौरिया में सर्विस सेंटर में भीषण आग, सात कारें और कीमती सामान जले
पश्चिमी चंपारण के लौरिया स्थित देव क्रिएशन सर्विस सेंटर में भीषण आग लग गई, जिसमें सात कारें और अन्य कीमती ...और पढ़ें

आग की भयावहता को देखते हुए दमकलकर्मियों को आग पर काबू पाने में घंटों मशक्कत करनी पड़ी।
जागरण संवाददाता, बेतिया (पश्चिमी चंपारण)। Lauriya Service Center Fire: लौरिया गर पंचायत के बिशनपुर वार्ड संख्या 14 स्थित देव क्रिएशन सर्विस सेंटर में सोमवार की शाम भीषण आग लग गई।
आग की चपेट में आकर सर्विस सेंटर में खड़ी सात कारों समेत मोबिल, तेल, गैस और अन्य कीमती सामान जल गए। आग की लपटें उठते ही आसपास के इलाके में अफरातफरी मच गई।
दमकल की टीम ने संभाला मोर्चा
स्थानीय लोगों ने आग लगने की सूचना दमकल विभाग और पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने में जुट गईं। आग की भयावहता को देखते हुए दमकलकर्मियों को आग पर काबू पाने में घंटों मशक्कत करनी पड़ी।
शॉर्ट सर्किट से आग की आशंका
आग लगने का प्रारंभिक कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। लौरिया थानाध्यक्ष इंद्रजीत पासवान ने भी शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई है। घटना में सर्विस सेंटर की संपत्ति को बड़े पैमाने पर नुकसान हुआ है।
नुकसान का आकलन बाकी
आग में सात कारों समेत मोबिल, तेल, गैस और अन्य सामान जलने से काफी नुकसान हुआ है। हालांकि, संपत्ति के नुकसान का वास्तविक आकलन अभी नहीं हो सका है। पुलिस और संबंधित विभाग घटना की जानकारी जुटाने में लगे हैं।