West champaran : जनकपुरधाम अयोध्या एक्सप्रेस का नरकटियागंज में आज रात ठहराव
भारत और नेपाल के बीच रेल कनेक्टिविटी को मजबूत करते हुए जनकपुरधाम-अयोध्या धाम एक्सप्रेस ट्रेन शुरू हो रही है। यह उद्घाटन विशेष ट्रेन 23 नवंबर को अयोध्या धाम से चलकर नरकटियागंज जंक्शन होते हुए जनकपुरधाम पहुंचेगी।

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।
HighLights
जनकपुरधाम-अयोध्या धाम एक्सप्रेस ट्रेन का उद्घाटन विशेष परिचालन।
ट्रेन नरकटियागंज जंक्शन होकर भारत-नेपाल को जोड़ेगी।
नरकटियागंज में आधे घंटे का ठहराव, इंजन बदलेगा।
संवाद सहयोगी, नरकटियागंज (पश्चिम चंपारण)। भारत और नेपाल के बीच रेल कनेक्टिविटी को और मजबूत करने की दिशा में जनकपुरधाम (नेपाल)-अयोध्या धाम के बीच नई एक्सप्रेस ट्रेन शुरू होने जा रही है।
ट्रेन का परिचालन नरकटियागंज जंक्शन होकर होगा। रेलवे की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार 23 नवंबर को अयोध्या धाम से इस ट्रेन की उद्घाटन विशेष सेवा चलाई जाएगी। इसके तहत ट्रेन नरकटियागंज जंक्शन पर भी पहुंचेगी।
रेलवे की ओर से जारी समय-सारणी के अनुसार, उद्घाटन विशेष ट्रेन संख्या 04295 अयोध्या धाम से 23 नवंबर को दोपहर 12:30 बजे प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन गोरखपुर, पनियहवा होते हुए रात 9 बजे नरकटियागंज जंक्शन पहुंचेगी और 9:30 बजे रवाना होगी।
इसके बाद रक्सौल, सीतामढ़ी, मधुबनी और जयनगर होते हुए 24 नवंबर की सुबह 10 बजे नेपाल के जनकपुरधाम पहुंचेगी। वहीं, वापसी में ट्रेन संख्या 04296 जनकपुरधाम से 24 नवंबर को दोपहर एक बजे रवाना होगी।
यह ट्रेन जयनगर से होते हुए नरकटियागंज जंक्शन पर रात 10:50 बजे पहुंचेगी और 11:20 बजे प्रस्थान करेगी। इसके बाद गोरखपुर,बस्ती होते हुए अगले दिन सुबह 8:10 बजे अयोध्या धाम पहुंचेगी।
उद्घाटन विशेष ट्रेन में कुल 17 कोच होंगे। इसमें एलएससीएन, एलएसीसीएन, एलएसीसीएनई, एलएसीसीडब्ल्यू और एलडब्ल्यूएलआरआरएम कोच शामिल रहेंगे।
नरकटियागंज में ट्रेन का ठहराव आधे घंटे का निर्धारित किया गया है। यहां इंजन का पावर चेंज भी होगा। हालांकि रेलवे ने स्पष्ट किया है कि इन दोनों ट्रेनों के नियमित परिचालन को लेकर अलग से अधिसूचना पूर्व मध्य रेल की ओर से जारी की जाएगी। फिलहाल जारी समय-सारणी उद्घाटन विशेष ट्रेन के लिए है।