न छोड़ सकते नौकरी, न छूट सकती आस्था! ट्रेनों में धक्के खाकर बिहार लौट रहे प्रवासियों का छलका दर्द
Bihar Railway Crowd Problem: मुंबई से छठ पूजा के लिए बिहार लौट रहे प्रवासी श्रमिक ट्रेनों में अत्यधिक भीड़ और ...और पढ़ें
-1794575228658_m.webp)
डिब्बे में न बैठने की जगह थी और न ही पानी पीने या शौचालय जाने का कोई रास्ता।
HighLights
मुंबई से बिहार लौट रहे प्रवासी श्रमिक छठ पूजा के लिए।
ट्रेनों में अत्यधिक भीड़ और असुविधाओं से जूझ रहे यात्री।
आस्था के लिए नौकरी का जोखिम, बेहतर ट्रेन सुविधाओं की मांग।
संवाद सूत्र, बगहा (पश्चिमी चंपारण)। Mumbai to Bihar Trains Chhath Puja: जिंदगी और जीविकोपार्जन की मजबूरी इंसान को घर-परिवार से मीलों दूर महानगरों की चकाचौंध में धकेल देती है।
जब बात लोक आस्था के महापर्व 'छठ' की आती है तो सात समंदर पार की दूरियां और सफर की तमाम मुश्किलें भी बौनी पड़ जाती हैं।
पेट पालने के लिए मुंबई की जिन तंग गलियों और कारखानों में वे खून-पसीना बहाते हैं वहां से अपनों के बीच लौटने की छटपटाहट हर प्रवासी के सीने में सुलगती रहती है।
एक तरफ रोजी-रोटी छिन जाने का डर और नौकरी गंवाने की विवशता तो दूसरी तरफ छठी मैया के प्रति अटूट आस्था और परिवार के साथ पर्व मनाने की कसक।
इन दोनों के बीच फंसे इन प्रवासियों की दास्तान किसी का भी दिल पसीजने के लिए काफी है। वे अपनी इस बेबसी को छिपाने की लाख कोशिश करते हैं, लेकिन ठसाठस भरी ट्रेनों के फर्श पर बैठे उनके आंसू और संघर्ष इस दर्द को बयां कर ही देते हैं।
-1794575616252.webp)
बयां किया प्रवासियों का दर्द
शुक्रवार को बगहा रेलवे स्टेशन पर पहुंची अवध एक्सप्रेस की जनरल बोगियों का नजारा इस कड़वी सच्चाई का गवाह बन रहा था। डिब्बों के भीतर पैर रखने तक की जगह नहीं थी।
लोग यात्रियों की भीड़ के बीच किसी तरह सिमटकर बैठने को मजबूर थे। किसी के हाथ में बच्चों के कपड़े से भरा झोला था तो किसी ने अपनी गोद में छठ पूजा के प्रसाद और दउरे को संभाल रखा था।
डिब्बे में न बैठने की जगह थी और न ही पानी पीने या शौचालय जाने का कोई रास्ता। सफर की इन अमानवीय कठिनाइयों के बीच भी उनके चेहरों पर घर पहुंचने की एक अजीब सी चमक और संतोष साफ झलक रहा था।
रोजी-रोटी की मजबूरी
बगहा के मंगलपुर औसानी निवासी योगेश गुप्ता मुंबई में मजदूरी कर परिवार का पेट पालते हैं। अपना दर्द बयां करते हुए कहते हैं, घर में छठ है, इसलिए चाहे कितनी भी परेशानी हो आना तो लाजिमी है। ट्रेन में इतनी भीड़ है कि पैर रखने की जगह नहीं मिली, लेकिन छठी मैया का बुलावा सब कष्ट भुला देता है।
वहीं, यमुनापुर के रहने वाले मंकेश कुमार का कहना है कि मुंबई से आने के दौरान जनरल कोच की यह धक्का-मुक्की और सफर की थकान तब गायब हो जाती है जब घर की देहरी पर मां और बच्चों का चेहरा सामने आता है।
हालांकि, वे यह भी कहते हैं कि त्योहार के इस सीजन में रेलवे को प्रवासियों की सुधि लेते हुए अतिरिक्त जनरल कोच और विशेष ट्रेनों का संचालन करना चाहिए, ताकि बुजुर्गों और बच्चों को इस नरकीय सफर से मुक्ति मिल सके।
मिट्टी से जुड़े रहने की ललक
मुंबई में वर्षों से रहकर दिहाड़ी या छोटी नौकरी करने वाले सुनील शर्मा ने बताया कि स्लीपर का टिकट कन्फर्म न होने के कारण उन्हें वेटिंग टिकट पर ही सफर करना पड़ा। कभी खड़े होकर तो कभी बोगी के कोने में बैठकर उन्होंने सैकड़ों किलोमीटर की यह दूरी तय की।
रोजगार की मजबूरी उन्हें घर से दूर रखती है, लेकिन छठ का यह पावन पर्व हर साल उन्हें उनकी जड़, उनकी मिट्टी और परिवार के पास खींच लाता है।
रास्ते भर की भूख, प्यास, उमस और भीड़ के तमाम संतापों को भूलकर ये प्रवासी जब अपनी मातृभूमि की सीमा में कदम रखते हैं, तो उनकी सारी थकान कपूर की तरह उड़ जाती है।
बहरहाल, प्रशासनिक स्तर पर ट्रेनों में सुरक्षा और सुविधाओं के तमाम दावों के बीच, प्रवासियों की यह व्यथा यह सोचने पर मजबूर करती है कि आस्था के इन कंधों पर सफर का बोझ थोड़ा और हल्का क्यों नहीं किया जा सकता।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।