विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गौनाहा में हड़बोड़ा नदी में डूबे छात्र का 22 घंटे बाद मिला शव, बार-बार बेहोश हो रही मां

By Prabhat MishraEdited By: Ajit kumar
Published: Sun, 04 Oct 2026 12:41 PM (IST)

गौनाहा के हड़बोड़ा नदी में डूबे 14 वर्षीय किशोर राजवीर कुमार का शव 22 घंटे बाद बरामद हुआ, जिससे गांव ...और पढ़ें

राजवीर की फाइल फोटो व शोकाकुल स्वजन।

राजवीर की फाइल फोटो व शोकाकुल स्वजन। 

जागरण संवाददाता, नरकटियागंज (पश्चिम चंपारण)। Teen Drowning West Champaran: गौनाहा के जड़िया मुरली गांव स्थित हड़बोड़ा नदी में डूबे 14 वर्षीय किशोर राजवीर कुमार का शव रविवार सुबह करीब 22 घंटे बाद बरामद हुआ।

शव मिलने की सूचना मिलते ही गांव में कोहराम मच गया और स्वजनों के चीत्कार से माहौल गमगीन हो गया। नदी किनारे शव देखने के लिए ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।

दोस्तों संग निकला था किशोर

राजवीर बेलवा बहुअरी निवासी जितेंद्र गिरी का छोटा पुत्र था। शनिवार सुबह दही-चूड़ा खाने के बाद वह दोस्तों के साथ खेलने निकला था और खेलने के बाद उनके साथ नदी में स्नान करने चला गया। इसी दौरान गहरे पानी में चले जाने से वह डूब गया।

एसडीआरएफ ने चलाया अभियान

हादसे की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने किशोर की तलाश शुरू कर दी। सूचना पर पहुंची एसडीआरएफ की टीम ने भी काफी देर तक खोज अभियान चलाया, लेकिन शनिवार देर रात तक राजवीर का पता नहीं चल सका।

रविवार सुबह करीब सात बजे ग्रामीण गोताखोरों ने दोबारा तलाश शुरू की और डोभनुमा गहरे स्थान से उसका शव बरामद किया।

मां की आंखों के सामने मातम

शव देखते ही राजवीर की मां पूनम देवी दहाड़ मारकर रोने लगीं। वह बार-बार कहती रहीं कि बेटे की सलामती के लिए जीवित्पुत्रिका पर्व किया था, लेकिन वही बेटा उन्हें छोड़कर चला गया। अंतिम दर्शन के दौरान वह कई बार बेहोश हो गईं।

राजवीर उत्क्रमित कन्या मध्य विद्यालय में आठवीं कक्षा का छात्र था। शिक्षक सोनू यादव ने बताया कि वह पढ़ाई में तेज और अनुशासित था, उसकी मौत से विद्यालय परिवार भी मर्माहत है। वह तीन भाई-बहनों में सबसे छोटा था।

थानाध्यक्ष शंभू शरण गुप्ता ने बताया कि किशोर के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। घटना के बाद परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी हादसे को लेकर शोक का माहौल बना हुआ है।

यह भी पढ़ें- सीतामढ़ी में जिउतिया स्नान के दौरान तालाब में डूबी युवती, मां की आंखों के सामने हुआ हादसा