सीतामढ़ी में जिउतिया स्नान के दौरान तालाब में डूबी युवती, मां की आंखों के सामने हुआ हादसा
Sitamarhi Drowning News: सीतामढ़ी में जिउतिया पर्व के दिन बसबिट्टा बाजार के कुंडी तालाब में स्नान के दौरान 19 वर्षीय ...और पढ़ें

अर्चना कुमारी की फाइल फोटो। सौ: स्वजन
संवाद सहयोगी, मेजरगंज (सीतामढ़ी)। Sitamarhi Jiutiya Snan: जिउतिया पर्व के दिन मेजरगंज थाना क्षेत्र के बसबिट्टा बाजार में रविवार को दर्दनाक हादसा हो गया।
यहां कुंडी नामक तालाब में जिउतिया स्नान के दौरान गहरे पानी में डूबने से 19 वर्षीय युवती की मौत हो गई। मृतका की पहचान बसबिट्टा बाजार के वार्ड संख्या-12 निवासी गोपाल भगत की पुत्री अर्चना कुमारी के रूप में हुई है।
मां के सामने डूबी बेटी
जिउतिया पर्व को लेकर अर्चना अपनी मां के साथ तालाब में स्नान करने गई थी। इसी दौरान वह गहरे पानी में चली गई और देखते ही देखते डूब गई।
बेटी को आंखों के सामने पानी में समाता देख मां ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली।
बचाव में जुटे स्थानीय लोग
हादसे की सूचना मिलते ही मेजरगंज थानाध्यक्ष अमरेंद्र कुमार और जांच अधिकारी विजय कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद युवती के शव को पानी से बाहर निकाला गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
अर्चना की लंबी उम्र की कामना को लेकर उसकी मां ने जिउतिया का व्रत रखा था। पर्व के दिन हुए इस हादसे से परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में मातम पसरा है। घटना के बाद स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है।
