PMO और NIA का अधिकारी बता बगहा SSB मुख्यालय पहुंचा यूपी का युवक, फर्जी पहचान पत्र मिलने पर गिरफ्तार
PMO Fake Identity Card: बगहा स्थित एसएसबी मुख्यालय में खुद को पीएमओ और राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद सचिवालय का अधिकारी बताने ...और पढ़ें

पूर्व सीआरपीएफ असिस्टेंट कमांडेंट बताकर 21वीं वाहिनी एसएसबी के कमांडेंट से मिलने पहुंचा था संजीव श्रीवास्तव।
HighLights
युवक ने खुद को पीएमओ, एनएससीएस अधिकारी बताकर प्रवेश किया।
बगहा एसएसबी मुख्यालय में फर्जी पहचान पत्र, संदिग्ध दस्तावेज बरामद हुए।
आरोपी संजीव श्रीवास्तव को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया।
संवाद सूत्र, हरनाटांड़ (पश्चिमी चंपारण)। Bagaha Fake Officer Arrest: खुद को प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) और राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद सचिवालय (एनएससीएस) का अधिकारी बताकर 21वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), बगहा के मुख्यालय पहुंचे उत्तर प्रदेश के युवक को गिरफ्तार कर लिया गया।
आरोपित पूर्व सीआरपीएफ असिस्टेंट कमांडेंट होने का दावा करते हुए कमांडेंट से मिलने पहुंचा था। संदेह होने पर एसएसबी अधिकारियों ने पूछताछ की तो वह अपनी पहचान और मुख्यालय आने के उद्देश्य के संबंध में संतोषजनक जवाब नहीं दे सका।
तलाशी में उसके पास से पीएमओ, राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआइए) और सीआरपीएफ असिस्टेंट कमांडेंट के फर्जी पहचान पत्र समेत कई संदिग्ध दस्तावेज मिले।
एसएसबी की शिकायत पर लौकरिया पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद आरोपित को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
मिलने के लिए मांगा था समय
एसएसबी के उप कमांडेंट यशवंत कुमार की ओर से लौकरिया थाने में दिए गए आवेदन के अनुसार, 11 नवंबर की दोपहर करीब 2:50 बजे संजीव कुमार श्रीवास्तव नाम का व्यक्ति 21वीं वाहिनी एसएसबी मुख्यालय, मंगलपुर के आरपी गेट संख्या-एक पर पहुंचा।
उसने खुद को भारत सरकार के प्रधानमंत्री कार्यालय और राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद सचिवालय में अधिकारी बताया। साथ ही दावा किया कि वह पहले केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) में असिस्टेंट कमांडेंट के पद पर तैनात था।
उसने आधिकारिक कार्य के सिलसिले में कमांडेंट से मुलाकात करने का अनुरोध किया। उसके दावों पर संदेह होने के बाद अधिकारियों ने उसे अपने समक्ष प्रस्तुत किया और पूछताछ शुरू की।
CRPF का स्टीकर और भारत सरकार का बोर्ड
पूछताछ के दौरान आरोपित अपनी वास्तविक पहचान और एसएसबी मुख्यालय पहुंचने के उद्देश्य को लेकर संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। इसके बाद एसएसबी अधिकारियों ने स्थानीय पुलिस और वरीय अधिकारियों को मामले की जानकारी दी।
एसएसबी और पुलिस की संयुक्त टीम ने उसकी तलाशी ली। इस दौरान सफेद रंग की किआ कार (रजिस्ट्रेशन संख्या यूपी 53 एफएन 0122) भी बरामद की गई। कार पर सीआरपीएफ का स्टीकर और भारत सरकार का बोर्ड लगा हुआ था।
तलाशी में पीएमओ, एनआइए और सीआरपीएफ असिस्टेंट कमांडेंट के पहचान पत्र समेत कई संदिग्ध कागजात मिले। एसएसबी ने बरामद सामान की जब्ती सूची भी तैयार की।
अधिकारी होने का दिखावा
एसएसबी ने अपने आवेदन में आशंका जताई है कि आरोपित फर्जी पहचान और कूटरचित दस्तावेजों के सहारे सरकारी अधिकारी होने का दिखावा कर रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए उप कमांडेंट यशवंत कुमार ने लौकरिया थाने में लिखित शिकायत दी।
पुलिस ने फर्जी एवं कूटरचित दस्तावेजों के सहारे पहचान छिपाने, छद्म रूप धारण करने और बिना अनुमति प्रवेश करने सहित भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है।
गिरफ्तार आरोपित की पहचान उत्तर प्रदेश के महाराजगंज जिले के निचलौल थाना क्षेत्र अंतर्गत बूढ़ाडीह कला गांव निवासी स्वर्गीय वशिष्ठ नारायण श्रीवास्तव के पुत्र संजीव श्रीवास्तव के रूप में हुई है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। अब यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपित ने फर्जी पहचान पत्र और अन्य दस्तावेज कहां से तैयार कराए थे तथा एसएसबी मुख्यालय पहुंचने के पीछे उसका वास्तविक उद्देश्य क्या था।
एसएसबी के उप कमांडेंट यशवंत कुमार के आवेदन पर संजीव श्रीवास्तव पर प्राथमिकी दर्ज कर न्यायिक हिरासत में बगहा उपकारा भेज दिया गया है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
रमण कुमार,थानाध्यक्ष, लौकरिया
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।