विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चार महीने की योग निद्रा से शुक्रवार को देवउठनी एकादशी पर जागेंगे भगवान विष्णु, 21 से गूंजेंगे मंगल गीत

Published: Wed, 18 Nov 2026 06:52 PM (IST)

Vivah Shubh Muhurat November December 2026: 20 नवंबर 2026 को देवउठनी एकादशी मनाई जाएगी, जब भगवान विष्णु चार महीने की ...और पढ़ें

एकादशी के बाद घरों और मंदिरों में फिर से मंगल गीत गूंजने लगेंगे और शहनाइयों की मधुर धुन सुनाई पड़ेगी। (AI Generated Image)

एकादशी के बाद घरों और मंदिरों में फिर से मंगल गीत गूंजने लगेंगे और शहनाइयों की मधुर धुन सुनाई पड़ेगी। (AI Generated Image)

HighLights

  1. 20 नवंबर 2026 को देवउठनी एकादशी मनाई जाएगी।

  2. भगवान विष्णु चार महीने की योग निद्रा से जागेंगे।

  3. विवाह सहित सभी मांगलिक कार्य फिर से शुरू होंगे।

संवाद सूत्र, बगहा (पश्चिमी चंपारण)। Devuthani Ekadashi 2026 Date: चार महीने की लंबी योग निद्रा के बाद अब सृष्टि के पालनहार भगवान श्रीहरि विष्णु जागने वाले हैं।

इसके साथ बीते चार महीनों से रुके हुए तमाम मांगलिक कार्यों की शुभ शुरुआत हो जाएगी। कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की देवउठनी (देवोत्थान) एकादशी के पावन अवसर पर घरों और मंदिरों में एक बार फिर से मंगल गीत गूंजने लगेंगे और शहनाइयों की मधुर धुन सुनाई पड़ेगी।

इस वर्ष देवउठनी एकादशी शुक्रवार, 20 नवंबर को मनाई जाएगी, जिसके साथ ही चातुर्मास का विधिवत समापन हो जाएगा।

श्रद्धालु शुक्रवार को व्रत रखकर भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की विशेष आराधना करेंगे, जबकि अगले दिन शनिवार, 21 नवंबर को द्वादशी तिथि में हरि वासर समाप्त होने के बाद व्रत का पारण किया जाएगा।

तुलसी विवाह और पारण की परंपरा

पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, आषाढ़ शुक्ल एकादशी को भगवान विष्णु क्षीरसागर में योग निद्रा में चले जाते हैं और कार्तिक शुक्ल एकादशी को उनके जागने पर देवोत्थान एकादशी मनाई जाती है।

इसी पावन दिन घरों और मंदिरों में माता तुलसी तथा भगवान शालिग्राम का विवाह कराने की भी प्राचीन परंपरा है। धार्मिक विश्वास है कि तुलसी विवाह संपन्न कराने से परिवार में सुख-समृद्धि आती है और दांपत्य जीवन में खुशहाली बनी रहती है।

हालांकि, वैष्णव परंपरा में एकादशी व्रत की तिथि में आंशिक भिन्नता हो सकती है, इसलिए श्रद्धालुओं को अपनी कुल परंपरा और स्थानीय पंचांग के अनुसार ही व्रत और पारण करना चाहिए।

विवाह के कुल 11 शुभ मुहूर्त

देवउठनी एकादशी के साथ ही वैवाहिक और मांगलिक कार्यों का द्वार खुल जाएगा। प्रमुख पंचांगों के अनुसार, नवंबर और दिसंबर 2026 में विवाह के कुल 11 अत्यंत शुभ मुहूर्त बन रहे हैं, जिनका विवरण इस प्रकार है:

  • नवंबर 2026 के शुभ मुहूर्त: 21 नवंबर, 24 नवंबर, 25 नवंबर और 26 नवंबर (कुल 4 दिन)।
  • दिसंबर 2026 के शुभ मुहूर्त: 2 दिसंबर, 3 दिसंबर, 4 दिसंबर, 5 दिसंबर, 6 दिसंबर, 11 दिसंबर और 12 दिसंबर (कुल 7 दिन)।

12 दिसंबर के बाद सूर्य देव के धनु राशि में प्रवेश करते ही 'खरमास' आरंभ हो जाएगा, जिसके कारण एक बार फिर से विवाह और अन्य मांगलिक कार्यों पर विराम लग जाएगा।

कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा स्नान

20 नवंबर की देवउठनी एकादशी से लेकर 24 नवंबर को पड़ने वाली कार्तिक पूर्णिमा तक धर्म और आस्था के विविध आयोजनों की धूम रहेगी। सनातन धर्म में कार्तिक पूर्णिमा को अत्यंत पुण्यदायी माना गया है, जिसे 'त्रिपुरारी पूर्णिमा' और 'देव दीपावली' के नाम से भी जाना जाता है।

मान्यता है कि इसी दिन भगवान शिव ने त्रिपुरासुर नामक राक्षस का वध कर देवताओं को उसके आतंक से मुक्ति दिलाई थी, जिसकी खुशी में देवताओं ने दीप जलाकर उत्सव मनाया था।

इस दिन श्रद्धालु गंगा सहित अन्य पवित्र नदियों में आस्था की डुबकी लगाकर दीपदान, अन्नदान और जरूरतमंदों को दान कर पुण्य के भागी बनते हैं।

यह भी पढ़ें- पापों से मुक्ति और मनोकामना पूर्ति के लिए देवउठनी एकादशी पर जरूर करें ये 6 काम, प्रसन्न होंगे भगवान विष्णु

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।