दिखने में सुंदर, स्वाद में बेकार: भारत-नेपाल बॉर्डर पर 60 बोरी चाइनीज लहसुन जब्त, यूपी-बिहार के तस्करों पर FIR
बगहा में भारत-नेपाल सीमा पर पुलिस ने राजकुमार के गोदाम से भारी मात्रा में संदिग्ध सामग्री जब्त की है। इसमें ...और पढ़ें

भारत-नेपाल सीमा पर चाइनीज लहसुन और अन्य सामग्री की बड़ी खेप जब्त
HighLights
वाल्मीकिनगर में राजकुमार के गोदाम से सामग्री बरामद।
60 बोरा चाइनीज लहसुन, बीज और गुड़ जब्त।
गंडक नदी के रास्ते नेपाल से तस्करी कर लाई गई।
संवाद सहयोगी, बगहा। भारत-नेपाल सीमा पर स्थित वाल्मीकिनगर थाना क्षेत्र में जिला पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापामारी कर बड़ी मात्रा में संदिग्ध सामग्री बरामद की है। एयरपोर्ट के पास राज कुमार के गोदाम से 60 बोरा चाइनिज लहसुन, 298 बोरा विभिन्न सब्जियों के बीज और 104 बोरा गुड़ बरामद किए गए।
मौके से बंगाल नंबर का एक ट्रक भी जब्त किया गया है। पुलिस ने बरामद सामग्री और ट्रक को कस्टम विभाग के हवाले कर दिया है।
एसपी राजेश कुमार ने बताया कि 16 सितंबर की रात सूचना मिली थी कि गंडक नदी के रास्ते नेपाल से चाइनिज लहसुन समेत अन्य प्रतिबंधित सामग्री वाल्मीकिनगर थाना क्षेत्र में पहुंचाई गई है।
सूचना के बाद जिला सूचना इकाई की टीम और अन्य पुलिस पदाधिकारियों की टीम गठित कर क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर छापामारी का निर्देश दिया गया। इसी दौरान जानकारी मिली कि नेपाल से गंडक नदी के रास्ते लाई गई सामग्री हवाईअड्डा के पास राज कुमार के गोदाम में रखी गई है।
टीम ने गोदाम में छापामारी की तो वहां से उक्त सामग्री बरामद हुई। इसके बाद बरामद सामान और ट्रक को वाल्मीकिनगर थाने के हवाले किया गया। थाना स्तर से सभी सामग्री कस्टम विभाग के बेतिया के प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार विद्यार्थी को सौंप दी गई।
थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि कस्टम विभाग की कार्रवाई में इस धंधे में संलिप्त उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले के ठूठीबारी के सुनील जायसवाल, अनिल यादव, निचलौल थाना क्षेत्र के धमौली निवासी अली हसन, अनूप यादव, संदीप यादव, मनोज यादव, संतोष, गोरख रौनियार और गोदाम मालिक राज कुमार सहित अन्य अज्ञात को नामजद किया गया है।
बता दें कि नेपाल सीमा से तस्करी के दौरान छोटी-छोटी खेप में सामान भारतीय क्षेत्र में पहुंचाया जाता है। रात के अंधेरे या तड़के सुबह स्थानीय ग्रामीणों और कैरियरों की मदद से सिर पर अथवा साइकिल-मोटरसाइकिल से 10 से 20 बोरियों की खेप खेतों और पगडंडियों के रास्ते भारतीय सीमा में बने गुप्त गोदामों तक पहुंचाने की बात सामने आती रही है। इसके बाद इन्हें भारतीय मंडियों तक पहुंचाया जाता है।
चाइनिज लहसुन दिखने में सुंदर, स्वाद में बेकार
रामनगर के लहसुन के खुदरा विक्रेता लक्ष्मण साह बताते हैं कि चाइनिज लहसुन नेपाल में करीब 50 से 60 रुपये प्रति किलो की दर से उपलब्ध हो जाता है। तस्करी के जरिए इसे भारतीय मंडियों में पहुंचाकर 150 से 200 रुपये प्रति किलो तक बेचा जाता है।
भारतीय लहसुन की तुलना में चाइनिज लहसुन आकार में बड़ा और चमकीला सफेद दिखाई देता है। स्थानीय स्तर पर यह भी दावा किया जाता है कि इसे अधिक चमकदार और साफ दिखाने के लि ए रासायनिक पदार्थों से साफ किया जाता है। इसका स्वाद अच्छा नहीं होता है।
