विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पश्चिम चंपारण में एसएसबी और पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 7.7 KG की भगवान बुद्ध की मूर्ति के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

Published: Fri, 18 Sep 2026 08:32 AM (IST)

पश्चिम चंपारण में एसएसबी और पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई में दो तस्करों को 7.7 किलोग्राम वजनी भगवान बुद्ध की पीली धातु की प्रतिमा के साथ गिरफ्तार किया है।

बुद्ध की प्रतिमा के साथ धराए तस्कर। सौ. एसएसबी

बुद्ध की प्रतिमा के साथ धराए तस्कर। सौ. एसएसबी

HighLights

  1. एसएसबी और पुलिस ने संयुक्त अभियान में तस्करों को पकड़ा।

  2. 7.7 किलोग्राम वजनी पीली धातु की बुद्ध प्रतिमा बरामद हुई।

  3. दो तस्कर गिरफ्तार, गौनाहा पुलिस को सौंपे गए।

जागरण संवाददाता, नरकटियागंज (पश्चिम चंपारण)। एसएसबी 44वीं वाहिनी नरकटियागंज के कार्यक्षेत्र ई समवाय मंगुराहा (गौनाहा) में एसएसबी और पुलिस ने संयुक्त गश्ती के दौरान दो तस्करों को पकड़ा है। उनके पास से पीली धातु से निर्मित भगवान गौतम बुद्ध की प्रतिमा बरामद की गई है। 

प्रतिमा का वजन करीब 7.705 किलोग्राम बताया गया है। तस्करों के पास से एक स्कूटी और दो मोबाइल भी जब्त किए गए हैं।

प्रतिमा की तस्करी की सूचना मिली 

कमांडेंट बलवंत सिंह नेगी ने बताया कि एसएसबी को प्रतिमा की तस्करी की सूचना मिली थी। इसके बाद संयुक्त गश्ती में लगे एसएसबी और बिहार पुलिस को अलर्ट किया गया। 

इस क्रम में एसएसबी निरीक्षक (सामान्य) अरुण कुमार सिंह की टीम ने मंगुराहा सैनिक रोड पर स्कूटी पर सवार दो युवकों को रोककर तलाशी ली। इस दौरान स्कूटी की सीट के नीचे रखे थैले से पीली धातु की बुद्ध प्रतिमा मिली। 

दो तस्करों को किया गिरफ्तार

पकड़े गए तस्करों की पहचान बगहा पुलिस जिला के रामनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत कंगहुसरी गांव निवासी साहिद अंसारी (40) तथा सबुनी निवासी सुद्दू खान (30) के रूप में हुई है। 

अधिकारियों ने बताया कि तस्कर प्रतिमा को बेचकर मोटी रकम कमाने की फिराक में थे। एसएसबी ने बरामद प्रतिमा, स्कूटी और दोनों मोबाइल समेत तस्करों को अगली कार्रवाई के लिए गौनाहा पुलिस को सौंप दिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

यह भी पढ़ें- जिन पर शराबबंदी की जिम्मेदारी; वही नशे में झूमते दिखे, बगहा में डायल 112 के 2 जवान सस्पेंड