40 के स्पीड से चलेंगी ट्रेनें; घाटों के पास बजेगा हार्न, बिहार में छठ पूजा के बीच रेलवे अलर्ट
बगहा में छठ महापर्व के दौरान रेलवे ट्रैक के समीप घाटों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए प्रशासन ने विशेष ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर
HighLights
ट्रेनें 15-16 नवंबर को 40 किमी/घंटा की गति से चलेंगी।
रेलवे ट्रैक के पास घाटों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।
बगहा में चार रेलवे फाटकों पर कर्मी तैनात होंगे।
संवाद सूत्र, बगहा। छठ महापर्व के दौरान रेलवे ट्रैक के समीप स्थित घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के लिए विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया है।
संभावित रेल हादसे रोकने के लिए अनुमंडल पदाधिकारी ने रेलवे विभाग को पत्र भेजकर 15 और 16 नवंबर को संबंधित रेलखंडों पर ट्रेनों का परिचालन नियंत्रित गति से कराने का आग्रह किया है। संवेदनशील घाटों के पास ट्रेनों की अधिकतम गति 40 किलोमीटर प्रति घंटे रखने को कहा गया है।
एसडीएम ने हरिनगर, भैरोगंज, खैरपोखरा, बगहा और वाल्मीकिनगर के स्टेशन अधीक्षकों को पत्र भेजकर छठ पूजा के दौरान चौकसी बरतने का निर्देश दिया है।
पत्र के अनुसार, अनुमंडल क्षेत्र के कई घाट रेलवे लाइन के बिल्कुल समीप या किनारे स्थित हैं। यहां अर्घ्य देने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं, जिससे ट्रेनों की आवाजाही के दौरान हादसे की आशंका रहती है।
ट्रैक पर फोटो-वीडियो बनाने से खतरा
रामनगर अंचल के बिलासपुर वार्ड संख्या 18 में दक्षिण शनिचरा बाबा स्थान के समीप रेल लाइन से सटे घाट पर छठ पूजा होती है। भैरोगंज थाना क्षेत्र के हरहा नदी छठ घाट के पास रेलवे पुल का ट्रैक गुजरता है।
पूजा के दौरान यहां काफी भीड़ जुटती है और कई लोग रेलवे ट्रैक पर चढ़कर फोटो और वीडियो बनाने लगते हैं। इससे गंभीर हादसा हो सकता है।
प्रशासन ने रेलवे विभाग से इन जगहों पर विशेष निगरानी रखने की अपील की है। खैरपोखरा के उदय सिंह घाट, कुशमिया ढाला और कुशमिया हरहा घाट भी रेलवे लाइन के किनारे हैं। ब
गहा नगर क्षेत्र के कई घाट रेलवे लाइन के पश्चिमी हिस्से और गंडक नदी के किनारे स्थित हैं। इन स्थानों पर भी व्रतियों और श्रद्धालुओं की भीड़ जुटती है।
प्रशासन ने नरकटियागंज-गोरखपुर रेलखंड सहित संबंधित रेलखंडों पर गति कम रखने और रेलवे क्रॉसिंग पर निगरानी की व्यवस्था करने को कहा है।
घाटों के पास हार्न बजाते हुए गुजरेंगी ट्रेनें
प्रशासन ने सुझाव दिया है कि रेल लाइन के आसपास छठ पूजा की रोशनी दिखने पर ट्रेन की रफ्तार धीमी की जाए। ऐसे स्थानों से गुजरते समय चालक लगातार हॉर्न बजाएं, ताकि श्रद्धालुओं को ट्रेन के आने की जानकारी मिले और वे सुरक्षित दूरी बना सकें।
बगहा में चार रेलवे फाटक चिह्नित
बगहा नगर क्षेत्र में रेलवे फाटक संख्या 51, 52, 53 और 54 को सुरक्षा के लिए चिह्नित किया गया है। छठ पूजा के दौरान प्रत्येक फाटक पर एक-एक कर्मी तैनात करने को कहा गया है। ये कर्मी भीड़ और गतिविधियों पर नजर रखने के साथ सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करेंगे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।