छठ महापर्व 2026 : 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू, रविवार शाम 4:54 बजे पहला और सोमवार सुबह 5:59 बजे दूसरा अर्घ्य
Chhath Puja Arghya Time Sunset Sunrise : भागलपुर में लोक आस्था का महापर्व छठ शुरू हो गया है, जिसमें व्रती ...और पढ़ें

Chhath Puja Arghya Time Sunset Sunrise : भागलपुर में खरना पूजा करतीं व्रती।
HighLights
अस्ताचलगामी सूर्य को रविवार शाम 4:54 बजे पहला अर्घ्य।
सोमवार सुबह 5:59 बजे उदीयमान सूर्य को दूसरा अर्घ्य।
छठव्रती 36 घंटे के निर्जला उपवास पर, भक्तिमय माहौल।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। Chhath Puja Arghya Time Sunset Sunrise : लोक आस्था के महापर्व छठ पर रविवार को अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य अर्पित किया जाएगा। सोमवार सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ चार दिवसीय अनुष्ठान का समापन होगा। शहर में घरों से लेकर गंगा घाटों तक भक्ति और उत्साह का माहौल है तथा चारों ओर छठी मइया के पारंपरिक गीत गूंज रहे हैं। व्रती 36 घंटे के निर्जला उपवास पर हैं और भगवान सूर्य की आराधना में लीन हैं।
मिट्टी के चूल्हे पर बना खरना प्रसाद, देर रात तक श्रद्धालुओं ने पाया प्रसाद
शनिवार को छठव्रतियों ने आम की लकड़ी से मिट्टी के चूल्हे पर रसिया, खीर और पूड़ी बनाकर खरना का प्रसाद तैयार किया। दिनभर की शुद्धता और नेम-निष्ठा के बाद शाम को विधि-विधान से प्रसाद ग्रहण किया गया, जिसके साथ ही कठिन निर्जला उपवास शुरू हो गया।
प्रसाद ग्रहण करने के लिए देर रात तक व्रतियों के घर श्रद्धालुओं की आवाजाही लगी रही। परिवार के सदस्यों के साथ पड़ोसियों और परिचितों ने भी श्रद्धापूर्वक प्रसाद ग्रहण किया। खरना के दौरान कई घरों में एकांत कमरे में विशेष पूजा-अर्चना की गई। वहीं, मनौती मानने वाले कई व्रती घर से घाट तक दंडवत प्रणाम करते हुए भी जाएंगे।
जानें अर्घ्य का सटीक समय, कुछ घाटों पर दलदल से हो सकती है परेशानी
रविवार को अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने के लिए सूर्यास्त का समय शाम 4:54 बजे निर्धारित है, जबकि सोमवार को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के लिए सूर्योदय सुबह 5:59 बजे होगा। घाटों पर छठ पूजा समितियों की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। बूढ़ानाथ घाट और महादेव तालाब सहित कुछ प्रमुख घाटों पर श्रद्धालुओं के लिए बेहतर इंतजाम किए गए हैं, हालांकि कई घाटों पर दलदल और कीचड़ के कारण व्रतियों को आवागमन में परेशानी हो सकती है।
गोशाला में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया खरना का प्रसाद
शनिवार को भागलपुर गोशाला परिसर में भी खरना का प्रसाद तैयार कर सैकड़ों श्रद्धालुओं के बीच वितरित किया गया। गोशाला के महामंत्री गिरधारी केजरीवाल ने बताया कि परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सभी आवश्यक तैयारियां की गई थीं।
कार्यक्रम संयोजक रोहित बाजोरिया के अनुसार, प्रसाद तैयार करने में शैलजा कुमारी, डेजी देवी, मंजू केजरीवाल, राखी झुनझुनवाला, लाली सारावगी, रेनू बुधिया और रेखा बांका का विशेष सहयोग रहा। इस अवसर पर अशोक भीवानीवाला, सुनील बुधिया, श्याम सुंदर खेतान, लक्ष्मी नारायण डोकानिया, अनिल सिंघानिया, घनश्याम कोटरीवाला, रोहित झुनझुनवाला, सुधांशु शेखर, पवन पोद्दार, रंजीत झुनझुनवाला, आशीष बाजोरिया और राजेश बांका सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।