विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

West Champaran : ग्रामीणों की मरम्मत भी नहीं रोक सकी पानी की रफ्तार, गोलाघाट में टूटा चंपारण तटबंध

Published: Tue, 29 Sep 2026 08:20 PM (IST)

गंडक नदी के बढ़ते दबाव के कारण योगापट्टी के गोलाघाट में चंपारण तटबंध टूट गया, जिससे बाढ़ का पानी तेजी ...और पढ़ें

HighLights

  1. गंडक के दबाव से योगापट्टी के गोलाघाट में तटबंध टूटा।

  2. बाढ़ का पानी तेजी से सरेह में फैलने से भय।

  3. जल संसाधन विभाग की टीम बचाव कार्य के लिए रवाना।

जागरण संवाददाता, बेतिया/योगापट्टी। गंडक के बढ़ते दबाव के बीच चंपारण तटबंध ने मंगलवार की शाम आखिरकार जवाब दे दिया। योगापट्टी के डुमरी पंचायत स्थित गोलाघाट के समीप करीब तीन फीट तटबंध टूटने से बाढ़ का पानी तेजी से सरेह में फैलने लगा।

पानी की बढ़ती रफ्तार से डूमरी, बेलबनवा और फतेहपुर गांव के लोगों में भय का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि तटबंध कमजोर होने की सूचना पहले ही अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को दी गई थी।

दो दिन से बना था दबाव

गंडक नदी का पानी पिछले दो दिनों से चंपारण तटबंध के भवानीपुर क्षेत्र में लगातार दबाव बनाए हुए था। आसपास के ग्रामीण तटबंध की स्थिति पर नजर रखे हुए थे। कमजोर हिस्से को देखते हुए उन्होंने अधिकारियों को इसकी जानकारी भी दी थी। इसके बाद भी समय रहते तटबंध को मजबूत करने का काम नहीं हो सका।

ग्रामीणों ने खुद संभाला मोर्चा

तटबंध को टूटने से बचाने के लिए ग्रामीणों ने अपने स्तर से मरम्मत का प्रयास किया। ग्रामीण सत्यदेव प्रसाद और चंदन कुमार ने बताया कि पानी का दबाव लगातार बढ़ता रहा। ग्रामीणों की ओर से की गई मरम्मत अधिक दबाव के सामने टिक नहीं सकी। मंगलवार की शाम करीब सात बजे तटबंध लगभग तीन फीट टूट गया।

सरेह में फैल रहा पानी

तटबंध टूटने के बाद बाढ़ का पानी तेजी से सरेह की ओर फैल रहा है। फिलहाल डूमरी, बेलबनवा और फतेहपुर गांवों तक पानी पहुंचने का खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों में इस बात को लेकर चिंता है कि यदि पानी की रफ्तार इसी तरह बनी रही तो जल्द ही आबादी वाले हिस्से भी प्रभावित हो सकते हैं।

फुलियाखांड़ में उलझे रहे अधिकारी

ग्रामीणों का आरोप है कि बैरिया के फुलियाखांड़ में तटबंध टूटने के बाद अधिकारी और विभागीय टीम वहीं बचाव कार्य में लगी रही। इस कारण गोलाघाट के कमजोर तटबंध पर समय रहते ध्यान नहीं दिया गया। हालांकि, इस आरोप की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

जलसंसाधन विभाग की टीम रवाना

बेतिया के सदर एसडीएम विकास कुमार ने बताया कि योगापट्टी के गोलाघाट में तटबंध टूटने की सूचना मिली है। जलसंसाधन विभाग की टीम को मौके पर भेजा जा रहा है। टीम के पहुंचने के बाद स्थिति का आकलन कर आवश्यक बचाव कार्य कराया जाएगा।

यह भी पढ़ें- Bihar News : सीएम के आने तक धरना जारी रखेंगे विधायक विनय बिहारी, समाहरणालय में बैठे

यह भी पढ़ें- वाल्मीकिनगर गंडक बराज पर कम हुआ दबाव, डिस्चार्ज घटकर 2 लाख क्यूसेक से नीचे आया; तटीय इलाकों को राहत