बेतिया में 3 मासूम बच्चों की मां की मौत, पति ने छत तोड़कर कमरे में देखा तो फंदे से लटक रही थी पत्नी
बेतिया में अष्टयाम से लौटे पति ने दरवाजा बंद पाया, छत तोड़कर कमरे में प्रवेश करने पर पत्नी का शव फंदे से लटका मिला। मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर मारपीट कर हत्या का आरोप लगाया है, जबकि पति ने किसी विवाद से इनकार किया।

पश्चिम चंपारण में घर में फंदे से लटका मिला महिला का शव। (प्रतीकात्मक तस्वीर)
HighLights
पति ने छत तोड़कर कमरे में पत्नी का शव देखा।
मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया।
महिला अपने पीछे तीन मासूम बच्चों को छोड़ गई।
जागरण संवाददाता, बेतिया (पश्चिम चंपारण)। गांव में अष्टयाम में शामिल होकर घर लौटा पति दरवाजा खुलवाने के लिए आवाज देता रहा, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। दरवाजा बंद होने पर उसने छत तोड़कर कमरे में प्रवेश किया, तो पत्नी का शव फंदे से झूलता मिला।
घटना कुमारबाग थाना क्षेत्र के लखौरा वार्ड आठ की है। शनिवार की रात 23 वर्षीय मंतुरन देवी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। जहां पति ने आत्महत्या की वजह से अनभिज्ञता जताई है, वहीं मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर मारपीट कर गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है।
दरवाजा नहीं खुला तो छत तोड़कर पहुंचा अंदर
मृतका के पति गोलू साह ने बताया कि वह दिल्ली में सेंटरिंग का काम करता है और करीब 20 दिन पहले घर आया था। शनिवार की रात गांव में अष्टयाम का आयोजन था। वह अपने दोनों बेटों को लेकर अष्टयाम में शामिल होने गया था।
करीब आठ बजे घर लौटा, तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। लोहे के दरवाजे पर काफी आवाज देने के बावजूद अंदर से कोई जवाब नहीं आया। इसके बाद उसने एसबेस्टस की छत तोड़कर कमरे में प्रवेश किया। अंदर पत्नी का शव लोहे के पाइप से कपड़े के फंदे के सहारे झूल रहा था।
पति ने विवाद से किया इन्कार
गोलू साह ने बताया कि पति-पत्नी के बीच किसी तरह का झगड़ा या विवाद नहीं था। मंतुरन ने ऐसा कदम क्यों उठाया, इसकी उसे कोई जानकारी नहीं है। घटना के बाद वह शव लेकर जीएमसीएच पहुंचा, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
मायके वालों ने लगाया हत्या का आरोप
पूर्वी चंपारण के केसरिया पुरानी बाजार वार्ड 10 निवासी मृतका की बड़ी बहन खलाशी देवी ने ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि मंतुरन अपने पति को शराब पीने से मना करती थी। पति बच्चों की भी ठीक से देखभाल नहीं करता था। मायके वालों का आरोप है कि ससुराल में मारपीट के बाद गला दबाकर मंतुरन की हत्या की गई है।
तीन मासूम बच्चों के सिर से उठा मां का साया
मंतुरन अपने पीछे दो बेटे ऋतिक कुमार (6 वर्ष), आशीष कुमार (4 वर्ष) और सात माह की बेटी तृद्धि कुमारी को छोड़ गई है। मां की मौत के बाद तीनों मासूम बच्चों के सिर से ममता का साया उठ गया है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।