बगहा में रील बनाने के चक्कर में स्कूल परिसर में लहराया रिवॉल्वर, ग्रामीणों ने दो को पकड़ा
बगहा के गोबरहिया गांव में सोशल मीडिया रील बनाने के दौरान हथियार लहराने पर ग्रामीणों ने दो नाबालिगों को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

वीडियो वायरल होने के बाद कार्रवाई में पुलिस पुलिस व मौके पर मौजूद स्थानीय लोग। जागरण
HighLights
बगहा में रील बनाते समय हथियार लहराते दो नाबालिग पकड़े गए।
ग्रामीणों ने विरोध कर नाबालिगों को पुलिस के हवाले किया।
पुलिस हथियार की जांच कर रही, फरार साथियों की तलाश जारी।
संवाद सहयोगी, बगहा/ मधुबनी। पुलिस जिले के धनहा थाना क्षेत्र के गोबरहिया गांव स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय परिसर में शनिवार को इंटरनेट मीडिया पर रील बनाने के दौरान हथियार लहराना दो नाबालिगों को भारी पड़ गया।
हथियार के साथ रील बना रहे नाबालिग की गतिविधि देख ग्रामीणों ने विरोध करते हुए दोनों को पकड़ लिया और उन्हें धनहा थाना पुलिस के हवाले कर दिया।
वहीं, उनके दो अन्य साथी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने हिरासत में लिए गए दोनों से पूछताछ शुरू कर दी है। बरामद हथियार की भी जांच कराई जा रही है।
दोपहर चार युवक गोबरहिया गांव स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय परिसर में रील बनाने के लिए पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि रील बनाने के दौरान कुछ युवक हाथ में रिवॉल्वर जैसा हथियार लहराकर वीडियो बना रहे थे।
स्कूल परिसर में हथियार के साथ युवकों को देख ग्रामीणों की नजर उन पर पड़ी। इसके बाद ग्रामीणों ने इसका विरोध किया और युवकों को पकड़ने का प्रयास किया।
ग्रामीणों की तत्परता से दो नाबालिग पकड़े गए, जबकि उनके साथ मौजूद दो अन्य युवक मौके से भाग निकले। ग्रामीणों ने दोनों को पकड़कर धनहा थाना पुलिस को सौंप दिया।
पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। हिरासत में लिए दोनों के नाबालिग होने की आशंका है। बताया जा रहा है कि एक देवीपुर में रिश्तेदारी में आया था।
थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि पूछताछ के दौरान उत्तर प्रदेश के पडरौना क्षेत्र के दो युवकों के नाम सामने आए हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
फरार दोनों युवकों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए भी छानबीन की जा रही है। बरामद हथियार असली है या नहीं, इसकी जांच के बाद स्थिति स्पष्ट होगी। स्कूल परिसर जैसे सार्वजनिक स्थान पर हथियार के साथ रील बनाने की घटना से ग्रामीणों में भी नाराजगी है।
बरामद हथियार देखने में रिवॉल्वर जैसा प्रतीत हो रहा है। उसकी वास्तविकता की जांच कराई जा रही है। दोनों से पूछताछ जारी है। हिरासत में लिए गए युवकों में नाबालिग होने की आशंका है। उसकी उम्र का सत्यापन भी कराया जाएगा। जांच पूरी होने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
निहार भूषण, एसडीपीओ,बगहा