'कर्ज लेकर लौटने से अच्छा यहीं मर जाना...' रूस में नौकरी के नाम पर 9 लाख की ठगी, मॉस्को में फंसा बिहार का युवक
रूस में नौकरी दिलाने का झांसा देकर चार बिहारी युवकों से करीब नौ लाख रुपये की ठगी हुई है। तीन युवक किसी तरह घर लौट आए, जबकि एक युवक सयामुल कर्ज के कारण मास्को में फंसा हुआ है और लौटने से इनकार कर रहा है। पीड़ितों ने एजेंट के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।

शिकारपुर थाने पहुंचे पीड़ित युवक। जागरण
HighLights
रूस में नौकरी दिलाने के नाम पर नौ लाख की ठगी।
चार बिहारी युवकों को टूरिस्ट वीजा पर मास्को भेजा।
एक युवक कर्ज के कारण मास्को में फंसा, घर नहीं लौटा।
जागरण संवाददाता, नरकटियागंज (पश्चिम चंपारण)। रूस में नौकरी दिलाने का झांसा देकर चार युवकों से करीब नौ लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है।
आरोप है कि शिकारपुर थाना क्षेत्र के मंगरहरी बैरिया गांव का एजेंट मुन्ना महतो ने पूर्वी चंपारण के आदापुर थाना क्षेत्र के गम्हरिया खुर्द निवासी रंजीत महतो, इमाम हुसैन, सयामुल हक और राकेश कुमार को सिलाई का काम दिलाने के नाम पर मास्को भेज दिया। वहां पहुंचने पर न नौकरी मिली और न ही रहने का कोई ठिकाना। तीन युवक किसी तरह घर से पैसे मंगाकर वापस लौट आए, जबकि सयामुल अब भी मास्को में फंसा हुआ है।
तीन साल तक रूस में काम करने भरोसा
पीड़ित रंजीत महतो और राकेश कुमार ने बताया कि एजेंट ने तीन साल तक रूस में काम करने और प्रतिमाह 60 से 70 हजार रुपये वेतन मिलने का भरोसा दिया था। इसके लिए तत्काल एक लाख 60 हजार रुपये देने और 40 हजार रुपये अपने-अपने साथ लेकर जाने को कहा था।
चारों युवकों ने कर्ज लेकर रुपये जुटाए और एजेंट को दे दिए। आरोप है कि उन्हें वर्क वीजा की जगह टूरिस्ट वीजा थमा दिया गया। पूछने पर एजेंट ने कहा कि रूस पहुंचने पर कंपनी का आदमी मिलेगा और वीजा भी ठीक हो जाएगा।
25 जुलाई को चारों युवक मास्को पहुंचे
25 जुलाई को चारों युवक दिल्ली से मास्को पहुंचे। एयरपोर्ट पर सुबह से शाम तक इंतजार करने के बावजूद कोई उन्हें लेने नहीं आया। करीब छह घंटे तक भूखे-प्यासे भटकने के बाद एजेंट से संपर्क किया तो उसने टैक्सी भेजी। टैक्सी चालक ने 10 हजार रुपये लेकर उन्हें दोबारा एयरपोर्ट पर छोड़ दिया। इसके बाद उनकी मुश्किलें और बढ़ गईं। काफी प्रयास के बाद घर से पैसे मांगा कर तीन युवक किसी तरह घर लौटे।
पीड़ितों के अनुसार सयामुल को भी वापस चलने के लिए कहा गया, लेकिन उसने कर्ज का हवाला देते हुए लौटने से इनकार कर दिया। उसने कहा कि इतना कर्ज लेकर वापस जाने के बजाय यहीं मर जाना बेहतर है। अब वह मास्को में ही फंसा हुआ है।
इधर, पीड़ितों का आरोप है कि रुपये लेने के बाद मुन्ना महतो अब ठीक से बात भी नहीं करता। मामले में पीड़ितों ने शिकारपुर थाने में शिकायत देकर कार्रवाई करने और ठगी की रकम वापस दिलाने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।