West Champaran : देश की रक्षा में प्राण न्योछावर करने वाले वीरों को नमन, एसएसबी जवानों ने शहीदों को किया याद
Bihar News : नरकटियागंज में 44वीं वाहिनी एसएसबी ने पुलिस स्मृति दिवस पर शहीद जवानों को श्रद्धांजलि दी। कमांडेंट बलवंत ...और पढ़ें

शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते एसएसबी के अधिकारी और जवान। सौ. एसएसबी
HighLights
44वीं वाहिनी एसएसबी ने पुलिस स्मृति दिवस पर शहीदों को नमन किया।
शहीद जवानों के अदम्य साहस और सर्वोच्च बलिदान को याद किया गया।
कमांडेंट बलवंत सिंह नेगी ने पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
जागरण संवाददाता, नरकटियागंज (पश्चिम चंपारण)। देश की सुरक्षा के लिए अपनी जान की परवाह किए बिना कर्तव्य निभाने वाले वीर जवानों का बलिदान हमेशा याद रखा जाएगा। उनकी बहादुरी और समर्पण देशवासियों के लिए प्रेरणा है।
पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर बुधवार को 44वीं वाहिनी एसएसबी नरकटियागंज में शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके अदम्य साहस और सर्वोच्च बलिदान को याद किया गया। कमांडेंट बलवंत सिंह नेगी के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में अधिकारियों और जवानों ने पुष्प अर्पित कर वीर सपूतों को नमन किया।
दो मिनट का मौन रखकर किया नमन
कार्यक्रम के दौरान शहीद जवानों की स्मृति में दो मिनट का मौन धारण किया गया। कमांडेंट बलवंत सिंह नेगी ने पिछले एक वर्ष के दौरान शहीद हुए पुलिसकर्मियों और केंद्रीय सशस्त्र बलों के जवानों के नाम पढ़कर सुनाए। इस दौरान उपस्थित अधिकारियों और बलकर्मियों ने देश की सुरक्षा के लिए प्राण न्योछावर करने वाले वीरों के प्रति सम्मान व्यक्त किया।
बलिदान हमेशा रहेगा प्रेरणास्रोत
कमांडेंट बलवंत सिंह नेगी ने कहा कि पुलिस स्मृति दिवस देश की सुरक्षा और सेवा में अपने प्राणों की आहुति देने वाले पुलिसकर्मियों और केंद्रीय सशस्त्र बलों के जवानों के सम्मान में समर्पित है। शहीदों का साहस, समर्पण और बलिदान देशवासियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। उनका योगदान देश की सुरक्षा के प्रति कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण की मिसाल है।
हॉट स्प्रिंग्स की घटना से जुड़ा है इतिहास
पुलिस स्मृति दिवस का इतिहास 21 अक्टूबर 1959 से जुड़ा है। उस दिन लद्दाख के हॉट स्प्रिंग्स में चीनी सेना के घात लगाकर किए गए हमले में सीआरपीएफ के 10 जवान शहीद हो गए थे। इस घटना के बाद से हर वर्ष 21 अक्टूबर को पुलिस स्मृति दिवस मनाकर कर्तव्य निभाते हुए शहीद हुए जवानों को याद किया जाता है।
अधिकारियों और जवानों ने अर्पित किए पुष्प
कार्यक्रम में उप कमांडेंट ज्ञानेंद्र कुमार, उप कमांडेंट मो. हसनैन खान, सहायक कमांडेंट एवं चिकित्सा अधिकारी डॉ. कुंदन जायसवाल, सहायक कमांडेंट संचार रियाज पी. सहित वाहिनी के अन्य अधिकारियों और बलकर्मियों ने पुष्प अर्पित कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी।
