सीतामढ़ी में ईमानदारी की मिसाल बने सिराजुल, चालक की ईमानदारी ने जीत लिया सबका दिल
सीतामढ़ी के ई-रिक्शा चालक सिराजुल अंसारी ने ईमानदारी की अनूठी मिसाल पेश की है। उन्होंने यात्री का छूटा हुआ सामान ...और पढ़ें

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।
HighLights
ई-रिक्शा चालक सिराजुल अंसारी ने ईमानदारी की मिसाल पेश की।
यात्री का छूटा सामान सुरक्षित लौटाकर इंसानियत पर भरोसा बढ़ाया।
संघ ने सिराजुल को नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
जागरण संवाददाता, सीतामढ़ी। सफर के दौरान ई-रिक्शा में सामान छूट जाए तो उसे वापस पाने की चिंता सताने लगती है। ऐसे में जब कोई चालक बिना किसी लालच के सामान उसके असली हकदार तक पहुंचा दे, तो इंसानियत पर भरोसा और मजबूत हो जाता है।
सीतामढ़ी में ई-रिक्शा चालक सिराजुल अंसारी ने अपनी ईमानदारी से यही संदेश दिया है। यात्री का छूटा सामान सुरक्षित लौटाकर उन्होंने समाज के सामने एक अच्छी मिसाल पेश की। उनके इस सराहनीय कार्य के लिए आटो एवं ई-रिक्शा चालक संघ ने सम्मानित किया।
स्टेशन से महावीर स्थान जाने के दौरान छूटा सामान
संघ के अनुसार, 17 अक्टूबर को एक यात्री रेलवे स्टेशन से महावीर स्थान, कोट बाजार जाने के लिए ई-रिक्शा पर सवार हुआ था। इस दौरान उसका सामान रिक्शा में ही छूट गया। काफी खोजबीन के बाद सामान नहीं मिलने पर संबंधित व्यक्ति ने आटो एवं ई-रिक्शा चालक संघ से संपर्क किया और मदद मांगी।
संघ के ग्रुप में साझा की गई सूचना
मामले की जानकारी संघ के सचिव मो. शाहिद अली को मिली। उन्होंने बिना देर किए संघ के ग्रुप में सामान छूटने की सूचना साझा की। इसके बाद पुनौरा थाना क्षेत्र के मधुबन वार्ड संख्या-10 निवासी ई-रिक्शा चालक सिराजुल अंसारी सामने आए। उन्होंने यात्री का सामान सुरक्षित अपने पास रखा था और उसे संघ के कार्यालय में जमा करा दिया।
हकदार को सौंपा गया सामान
18 अक्टूबर को संघ के कार्यालय में सामान उसके वास्तविक हकदार को सौंप दिया गया। अपना सामान वापस मिलने पर संबंधित व्यक्ति ने राहत की सांस ली और चालक के साथ संघ के सदस्यों की भी सराहना की।
चालकों के पहचान पत्र बनवाने की मांग
संघ के सचिव मो. शाहिद अली ने कहा कि चालकों की ईमानदारी से सीतामढ़ी का नाम रोशन होगा। उन्होंने जिला प्रशासन से आटो एवं ई-रिक्शा चालकों के पहचान पत्र बनवाने में सहयोग करने की मांग की।
इससे चालकों की पहचान सुनिश्चित करने के साथ खोया-पाया मामलों में भी मदद मिलेगी। मौके पर संघ के अध्यक्ष नीरज ठाकुर, जितेंद्र कुमार, राम प्रमोद राय, दीपक पाल और दीपलाल दास सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
यह भी पढ़ें- दरभंगा के सिंहवाड़ा प्रखंड प्रमुख की कुर्सी पर 31 अक्टूबर को होगा फैसला
