प्रयागराज एक्सप्रेस 3 माह रद, बगहा, नरकटियागंज और बेतिया के मरीजों की बढ़ेगी मुश्किल
मुजफ्फरपुर से प्रयागराज जाने वाली प्रयागराज एक्सप्रेस को घने कोहरे के कारण लगभग तीन महीने के लिए रद कर दिया गया है। इससे मुजफ्फरपुर, बेतिया, नरकटियागंज सहित चंपारण क्षेत्र के यात्रियों, खासकर मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ेगा।

प्रयागराज एक्सप्रेस घने कोहरे के कारण लगभग तीन महीने के लिए रद। (प्रतीकात्मक तस्वीर)
HighLights
प्रयागराज एक्सप्रेस तीन माह के लिए रद, यात्रियों को होगी असुविधा।
घने कोहरे के कारण रेलवे ने लिया परिचालन रोकने का निर्णय।
मुजफ्फरपुर, चंपारण क्षेत्र के मरीजों और यात्रियों की बढ़ी मुश्किलें।
संवाद सहयोगी, नरकटियागंज (पश्चिम चंपारण)। कोहरे की मार अभी ठीक से शुरू भी नहीं हुई और यात्रियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
मुजफ्फरपुर से प्रयागराज जाने वाली महत्वपूर्ण एक्सप्रेस ट्रेन को रेलवे ने करीब तीन माह के लिए रद कर दिया है। इससे मुजफ्फरपुर, मोतिहारी, बेतिया, नरकटियागंज, बगहा और रक्सौल के यात्रियों को परेशानी होगी।
खासकर इलाज के लिए गोरखपुर, वाराणसी और प्रयागराज जाने वाले मरीजों और उनके स्वजन की मुश्किल बढ़ जाएगी। क्षेत्र से प्रयागराज जाने के लिए इस ट्रेन को महत्वपूर्ण विकल्प माना जाता है। इसके बंद होने से यात्रियों को दूसरे साधनों से सफर करना पड़ेगा।
दो दिसंबर से 24 फरवरी तक नहीं चलेगी ट्रेन
समस्तीपुर रेल मंडल की ओर से जारी पत्र के अनुसार, गाड़ी संख्या 14112 प्रयागराज जंक्शन-मुजफ्फरपुर एक्सप्रेस दो दिसंबर 2026 से 24 फरवरी 2027 तक रद रहेगी।
इसी तरह गाड़ी संख्या 14111 मुजफ्फरपुर-प्रयागराज एक्सप्रेस का परिचालन भी इस अवधि में नहीं होगा। रेलवे ने घने कोहरे के दौरान सुरक्षित रेल परिचालन का हवाला देकर यह निर्णय लिया है।
मरीजों की बढ़ेगी परेशानी
मुजफ्फरपुर से लेकर चंपारण और सीमावर्ती क्षेत्रों के बड़ी संख्या में यात्री इस ट्रेन से गोरखपुर, वाराणसी और प्रयागराज जाते हैं। इनमें इलाज कराने वाले मरीजों की संख्या भी काफी रहती है। ट्रेन बंद होने से मरीजों और उनके परिजनों को अब दूसरे साधनों का सहारा लेना पड़ेगा। इससे यात्रा का खर्च और समय दोनों बढ़ सकते हैं।
हर साल ट्रेन रद होने से नाराजगी
रेल प्रशासन के फैसले से यात्रियों में आक्रोश है। उनका कहना है कि हर साल कोहरे का हवाला देकर इस ट्रेन को बंद कर दिया जाता है। इसका खामियाजा पूरे चंपारण और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को भुगतना पड़ता है।
यात्रियों ने रेलवे से मांग की है कि कोहरे के मौसम में भी इस ट्रेन का परिचालन जारी रखा जाए, ताकि आम लोगों और मरीजों को परेशानी नहीं हो।
यह भी पढ़ें- Bihar Trains: कोहरे की मार से दिसंबर से फरवरी तक 20 जोड़ी ट्रेनें रद, कई के फेरे भी घटे