विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Bihar Trains: कोहरे की मार से दिसंबर से फरवरी तक 20 जोड़ी ट्रेनें रद, कई के फेरे भी घटे

Published: Fri, 27 Nov 2026 06:27 PM (IST)

रेलवे ने सर्दी के कोहरे की आशंका को देखते हुए 1 दिसंबर 2026 से 28 फरवरी 2027 तक ट्रेनों के परिचालन में बदलाव किया है। इस अवधि में 20 जोड़ी ट्रेनें पूरी तरह रद रहेंगी, 26 जोड़ी के फेरे घटेंगे और 2 जोड़ी आंशिक रूप से रद्द होंगी।

सर्दी के मौसम में कोहरे की बढ़ती आशंका को देखते हुए रेलवे ने कई ट्रेनों को रद किया। (प्रतीकात्मक तस्वीर)

सर्दी के मौसम में कोहरे की बढ़ती आशंका को देखते हुए रेलवे ने कई ट्रेनों को रद किया। (प्रतीकात्मक तस्वीर)

HighLights

  1. सर्दी के कोहरे के कारण रेलवे का बड़ा फैसला।

  2. दिसंबर 2026 से फरवरी 2027 तक ट्रेनों में बदलाव।

  3. 20 जोड़ी ट्रेनें रद, 26 के फेरे घटे।

जागरण संवाददाता, समस्तीपुर। सर्दी के मौसम में कोहरे की बढ़ती आशंका को देखते हुए रेलवे ने संरक्षित रेल परिचालन की दिशा में बड़ा फैसला लिया है। इसके तहत एक दिसंबर 2026 से 28 फरवरी 2027 तक विभिन्न ट्रेनों के परिचालन में बदलाव किया गया है।

इस अवधि में 20 जोड़ी ट्रेनों को पूरी तरह रद रखने के साथ ही 26 जोड़ी ट्रेनों के परिचालन के दिनों में कटौती की गई है। वहीं, दो जोड़ी ट्रेनों का परिचालन आंशिक रूप से रद रहेगा।

रेलवे की ओर से जारी सूचना के अनुसार, यह व्यवस्था कोहरे के दौरान ट्रेनों के सुरक्षित और सुचारु परिचालन को ध्यान में रखकर की गई है।

पूर्व मध्य रेल के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चंद्र ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा की योजना बनाने से पहले संबंधित ट्रेन के परिचालन की तारीख और निर्धारित दिनों की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें।

खासकर लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्री टिकट बुक करने और स्टेशन पहुंचने से पहले ट्रेन की अद्यतन स्थिति की जांच कर लें, ताकि अंतिम समय में किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।

20 जोड़ी ट्रेनें पूरी तरह रहेंगी रद

रेलवे की सूची के अनुसार, प्रयागराज जंक्शन-मुजफ्फरपुर एक्सप्रेस (14112/14111) दो दिसंबर से 24 फरवरी तक रद रहेगी। वीरांगना लक्ष्मीबाई (झांसी)-कोलकाता एक्सप्रेस (22198/22197) चार दिसंबर से 28 फरवरी तक, सांतरागाछी-आनंद विहार एक्सप्रेस (22857/22858) सात दिसंबर से 23 फरवरी तक तथा मालदा टाउन-नई दिल्ली एक्सप्रेस (14003/14004) के फेरे भी निर्धारित अवधि में रद रहेंगे।

इसी तरह बरौनी-अंबाला हरिहर एक्सप्रेस (14523/14524), पूर्णिया कोर्ट-अमृतसर जनसेवा एक्सप्रेस (14617/14618), डिब्रूगढ़-चंडीगढ़ एक्सप्रेस (15903/15904), कामाख्या-गया एक्सप्रेस (15620/15619) और कामाख्या-आनंद विहार एक्सप्रेस (15621/15622) का परिचालन भी निर्धारित तिथियों में पूरी तरह बंद रहेगा। इसके अलावा हावड़ा-देहरादून उपासना एक्सप्रेस (13035/13036) भी एक दिसंबर से 27 फरवरी तक रद रहेगी।

26 जोड़ी ट्रेनों के परिचालन के दिनों में कटौती

कोहरे के कारण कई ट्रेनों को पूरे सप्ताह चलाने के बजाय निर्धारित दिनों में रद रखने का निर्णय लिया गया है। इनमें ग्वालियर-बरौनी एक्सप्रेस (11123/11124) प्रत्येक सप्ताह सोमवार-गुरुवार और मंगलवार-शुक्रवार को रद रहेगी।

आनंद विहार-भागलपुर गरीबरथ एक्सप्रेस (22406/22405) सप्ताह में बुधवार और गुरुवार को नहीं चलेगी। पाटलिपुत्र-लखनऊ एक्सप्रेस (15033/15034) 15 दिसंबर से 10 फरवरी तक प्रत्येक सोमवार, मंगलवार और बुधवार को रद रहेगी।

पाटलिपुत्र-गोरखपुर एक्सप्रेस (15079/15080) 16 दिसंबर से 14 फरवरी तक प्रत्येक रविवार, सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को नहीं चलेगी। वहीं, टनकपुर-सिंगरौली त्रिवेणी एक्सप्रेस (15074/15073) प्रत्येक बुधवार और गुरुवार को रद रहेगी।

टनकपुर-शक्तिनगर त्रिवेणी एक्सप्रेस (15076/15075) के परिचालन में भी सप्ताह में दो दिन की कटौती की गई है। कामाख्या-आनंद विहार नार्थ ईस्ट एक्सप्रेस (12505/12506), अलीपुरद्वार-दिल्ली सिक्किम महानंदा एक्सप्रेस (15483/15484), न्यू जलपाईगुड़ी-आनंद विहार एक्सप्रेस (15725/15726) और डिब्रूगढ़-लालगढ़ अवध आसाम एक्सप्रेस (15909/15910) के परिचालन के दिनों में भी बदलाव किया गया है।

इसके अतिरिक्त अजमेर-सियालदह एक्सप्रेस (12988/12987), हावड़ा-काठगोदाम बाघ एक्सप्रेस (13019/13020) और कोलकाता-अमृतसर एक्सप्रेस (12357/12358) के फेरे भी निर्धारित दिनों में रद रहेंगे।

आगरा कैंट-मथुरा के बीच नहीं चलेंगी चंबल एक्सप्रेस

रेलवे ने दो ट्रेनों को आंशिक रूप से रद करने का भी निर्णय लिया है। हावड़ा-मथुरा जंक्शन चंबल एक्सप्रेस (12177) चार दिसंबर से 26 फरवरी तक आगरा कैंट और मथुरा जंक्शन के बीच नहीं चलेगी।

वहीं, मथुरा जंक्शन-हावड़ा चंबल एक्सप्रेस (12178) सात दिसंबर से 22 फरवरी तक मथुरा जंक्शन और आगरा कैंट के बीच रद रहेगी। इस दौरान इन ट्रेनों का परिचालन निर्धारित शेष मार्ग पर ही होगा।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।