Bihar News: वीटीआर में जंगल सफारी का नया रोमांच, एक ही सफर में घना जंगल, नदी और नेपाल सीमा के नजारे
VTR tourism : वाल्मीकि व्याघ्र आरक्ष के मंगुराहा वन प्रक्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए नए रूट पर ...और पढ़ें

वीटीआर में जंगल सफारी के लिए तैयार वाहन।
HighLights
मंगुराहा में नए रूट पर जंगल सफारी की शुरुआत।
घने जंगल, पंडई नदी, भारत-नेपाल सीमा के नज़ारे।
पर्यटन और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर।
विवेक कुमार, गौनाहा (पश्चिम चंपारण)। वाल्मीकि व्याघ्र आरक्ष के मंगुराहा वन प्रक्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए नए रूट में जंगल सफारी की शुरुआत की गई है।
इस नए रूट पर पर्यटक एक ही सफर में घने जंगलों की हरियाली, पंडई नदी का खूबसूरत किनारा, खुले घास के मैदान और भारत-नेपाल सीमा से सटे प्राकृतिक नजारों का दीदार कर सकेंगे।
नए सफारी मार्ग से मंगुराहा के पर्यटन आकर्षण में और वृद्धि होने की उम्मीद है। इस सफारी की खासियत यहां का विविधतापूर्ण प्राकृतिक परिवेश है। कहीं घने जंगलों के बीच से गुजरने का रोमांच मिलेगा तो कहीं पंडई नदी के किनारे प्रकृति की खूबसूरती पर्यटकों को आकर्षित करेगी।
ग्रासलैंड में हिरण, चीतल, जंगली सूअर और विभिन्न प्रजातियों के पक्षियों को उनके प्राकृतिक आवास में देखने का अवसर मिल सकता है। हालांकि, वन्यजीवों का दिखना उनकी स्वाभाविक गतिविधियों और मौसम पर निर्भर करेगा।
ये है जंगल सफारी की नई रूट
नई जंगल सफारी की शुरुआत भवानीपुर से होगी। यहां से पर्यटक पंडई नदी फ्रंट, 20 नंबर ढाला और लखनिया होते हुए मानपुर पहुंचेंगे। वापसी के लिए अलग मार्ग निर्धारित किया गया है।
लौटते समय सफारी मानपुर से 63 नंबर ग्रासलैंड, नेपाल सीमा और ठोड़ी के दर्शनीय स्थलों से होते हुए भवानीपुर पहुंचेगी। आने-जाने के लिए अलग-अलग रास्ते निर्धारित होने से पर्यटकों को जंगल के विभिन्न हिस्सों और प्राकृतिक विविधताओं को करीब से देखने का मौका मिलेगा।
वीटीआर को स्वरोजगार बढ़ने की उम्मीद
मंगुराहा पहले से ही अपनी जैव विविधता, प्राकृतिक सुंदरता और वन्यजीवों के लिए प्रसिद्ध है। नए सफारी रूट से पर्यटकों की संख्या बढ़ने की संभावना है।
इससे स्थानीय युवाओं को गाइड, वाहन संचालन और पर्यटन से जुड़ी अन्य गतिविधियों में रोजगार के अवसर मिल सकते हैं। साथ ही छोटे कारोबारियों और स्थानीय लोगों को भी इसका लाभ मिलने की उम्मीद है।
वन विभाग ने पर्यटकों से सफारी के दौरान वन्यजीवों को परेशान नहीं करने, शोर नहीं मचाने और प्लास्टिक सहित किसी भी तरह का कचरा जंगल में नहीं फैलाने की अपील की है। पर्यटकों को गाइड के निर्देशों और सुरक्षा नियमों का पालन करने को कहा गया है।
सफारी से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं की नियमित मानीटरिंग की जा रही है। वन विभाग की ओर से पर्यटकों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
-अंशुमन कुमार ,रेंजर, गौनाहा