Bihar News : भारत से नेपाल ले जा रहे थे कपड़े, सीमा पर तस्करों का ट्रैक्टर ट्रॉली समेत माल जब्त
India Nepal clothes smuggling : भारत से नेपाल ले जाए जा रहे कपड़ों की तस्करी का प्रयास नरकटियागंज सीमा पर ...और पढ़ें

जब्त सामग्री और ट्रैक्टर के साथ एसएसबी व पुलिस पदाधिकारी। सौ. एसएसबी
HighLights
भारत से नेपाल कपड़ों की तस्करी का प्रयास विफल।
एसएसबी-बिहार पुलिस ने 58 बंडल कपड़े जब्त किए।
तस्करी में प्रयुक्त ट्रैक्टर-ट्रॉली, मोटरसाइकिल भी पकड़ी।
जागरण संवाददाता, नरकटियागंज (पश्चिम चंपारण)। भारत से कपड़े ले जाकर नेपाल में बेचने की तैयारी थी। इसके लिए ट्रैक्टर-ट्रॉली पर कपड़ों के बंडल लादकर सीमा क्षेत्र से आगे बढ़ा जा रहा था। इसी बीच तस्करी की सूचना पर सक्रिय एसएसबी और बिहार पुलिस की संयुक्त टीम ने परसौनी गांव के समीप कार्रवाई की।
जांच के दौरान ट्रैक्टर-ट्रॉली पर लदे कपड़ों के 58 बंडल बरामद किए गए। मौके से एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई। इस कार्रवाई से सीमावर्ती क्षेत्र में तस्करी की गतिविधियों पर निगरानी की अहमियत एक बार फिर सामने आई है।
सीमा से पांच किलोमीटर अंदर हुई कार्रवाई
जानकारी के अनुसार, 44वीं वाहिनी एसएसबी, नरकटियागंज के डी समवाय भिखनाठोरी के कार्यक्षेत्र में तस्करी की सूचना मिली थी। इसके बाद एसएसबी और बिहार पुलिस की संयुक्त टीम ने नाका लगाया। इसी दौरान अंतरराष्ट्रीय सीमा से करीब पांच किलोमीटर भारतीय क्षेत्र के अंदर एक ट्रैक्टर-ट्रॉली दिखाई दी।
जवानों ने उसकी जांच की तो उसमें कपड़ों के 58 बंडल लदे मिले। इसके साथ ही मौके से एक मोटरसाइकिल भी बरामद की गई। संयुक्त टीम ने सभी सामान और वाहनों को जब्त कर लिया।
कस्टम विभाग को सौंपा गया सामान
कार्रवाई में एसएसबी के उप निरीक्षक समरजीत दास के नेतृत्व में जवानों के साथ बिहार पुलिस की टीम शामिल थी। अधिकारियों के अनुसार, कपड़ों को भारत से नेपाल ले जाकर बेचने की योजना थी। जब्त कपड़ों और वाहनों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के लिए कस्टम विभाग, बेतिया को सौंप दिया गया है।
तस्करी रोकने के लिए निगरानी तेज
44वीं वाहिनी के कमांडेंट बलवंत सिंह नेगी ने बताया कि सीमावर्ती क्षेत्र में अनधिकृत गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए एसएसबी लगातार कार्रवाई कर रही है। तस्करी में संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्ती बरती जा रही है। सीमा क्षेत्र में निगरानी और संयुक्त कार्रवाई के माध्यम से तस्करी पर रोक लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
