विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पश्चिम चंपारण में कहीं कोबरा तो कहीं अजगर का खौफ, बच्चों के शोर मचाते ही घरों से बाहर भागे लोग

Published: Tue, 10 Nov 2026 04:21 PM (IST)

पश्चिम चंपारण के वाल्मीकिनगर और योगापट्टी में क्रमशः पांच फीट लंबा कोबरा और आठ फीट लंबा अजगर दिखने से लोगों ...और पढ़ें

HighLights

  1. वाल्मीकिनगर में पांच फीट लंबा कोबरा दिखा, बच्चों में दहशत।

  2. योगापट्टी में आठ फीट लंबे अजगर ने मचाई अफरा-तफरी।

  3. वन विभाग ने दोनों सांपों को सुरक्षित रेस्क्यू कर छोड़ा।

संवाद सूत्र, वाल्मीकिनगर/योगापट्टी (पश्चिम चंपारण)। वाल्मीकि टाइगर रिजर्व से सटे रिहायशी इलाकों में इन दिनों सांपों की मौजूदगी लोगों की चिंता बढ़ा रही है। मंगलवार को वाल्मीकिनगर में पांच फीट लंबा कोबरा दिखाई दिया तो योगापट्टी में आठ फीट लंबे अजगर ने लोगों के बीच दहशत फैला दी।

दोनों ही जगह सांपों को देखकर बच्चों ने शोर मचाया और देखते ही देखते आसपास के लोग जुट गए। हालांकि, समय रहते दोनों सांपों को सुरक्षित पकड़ लिया गया। इसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली।

घर के पास कोबरा देख बच्चों में हड़कंप

वाल्मीकिनगर थाना क्षेत्र की जी टाइप कॉलोनी निवासी छोटू वर्मा के घर के समीप मंगलवार की सुबह करीब पांच फीट लंबा कोबरा दिखाई दिया। सांप को देखकर वहां खेल रहे बच्चे घबरा गए और शोर मचाने लगे। आवाज सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। कोबरा की मौजूदगी की सूचना वन कार्यालय को दी गई।

कड़ी मशक्कत के बाद जंगल में छोड़ा

सूचना मिलते ही वाल्मीकिनगर वन क्षेत्र की स्नेक कैचर टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद टीम ने कोबरा का रेस्क्यू किया। वाल्मीकिनगर रेंजर सत्यम कुमार ने बताया कि सांप को सुरक्षित पकड़ने के बाद जटाशंकर वन क्षेत्र में छोड़ दिया गया। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी वन्यजीव या सांप को देखने पर खुद पकड़ने या उसके करीब जाने की कोशिश न करें। इसकी सूचना तुरंत वन कार्यालय को दें।

सड़क पार कर घर में घुसने लगा अजगर

उधर, योगापट्टी प्रखंड की बलुआ भवानीपुर पंचायत के वार्ड नंबर एक स्थित कनौजिया टोला गांव में सोमवार की देर शाम आठ फीट लंबा अजगर दिखाई दिया। अजगर सड़क पार कर वार्ड सदस्य भरत प्रसाद के घर में घुसने की कोशिश कर रहा था। उसे देखते ही कुछ बच्चों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। इससे घर के सदस्यों में अफरातफरी मच गई और सभी बाहर निकल आए।

एक घंटे बाद पहुंची वन विभाग की टीम

शोर सुनकर आसपास के दर्जनों लोग मौके पर जुट गए। लोगों ने मिलकर अजगर को सुरक्षित पकड़ लिया। इसके बाद वार्ड सदस्य ने वन विभाग को फोन कर सूचना दी। करीब एक घंटे बाद वन विभाग के कर्मी मौके पर पहुंचे और अजगर को अपने साथ ले गए। दोनों घटनाओं के बाद वन्यजीवों की रिहायशी इलाकों में आवाजाही को लेकर लोगों में सतर्कता बढ़ गई है।

यह भी पढ़ें- बिहार की मिट्टी में उग रहे इजराइली सेब, एक एकड़ से 10 लाख तक कमा रहे किसान

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।