बिहार की मिट्टी में उग रहे इजराइली सेब, एक एकड़ से 10 लाख तक कमा रहे किसान
पश्चिम चंपारण में इजराइली अन्ना प्रजाति के सेब की खेती सफल हो रही है, जो हिमाचल से दो महीने पहले ...और पढ़ें

बिहार के पश्चिम चंपारण जिले में सेब की खेती। जागरण
HighLights
चंपारण में इजराइली अन्ना प्रजाति के सेब की सफल खेती।
हिमाचल से दो महीने पहले पककर तैयार, किसानों को अधिक लाभ।
प्रति एकड़ 9-10 लाख रुपये तक की शानदार आय।
जागरण संवाददाता, बेतिया ( पश्चिम चंपारण)। अब तक सेब की खेती के लिए हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर को सबसे उपयुक्त माना जाता रहा है, लेकिन पश्चिम चंपारण की जलवायु में भी सेब की खेती नई पहचान बना रही है।
खास बात यह है कि यहां उगाए जा रहे सेब दूसरे राज्यों की तुलना में करीब दो महीने पहले तैयार हो रहे हैं। इससे किसानों को बेहतर कीमत मिलने के साथ अधिक आमदनी भी हो रही है। सेब की खेती में यह बदलाव इजराइली प्रजाति अन्ना के प्रयोग से आया है।
इस प्रजाति की खासियत है कि इसे 40 से 50 डिग्री सेल्सियस तक के तापमान में भी उगाया जा सकता है। यही वजह है कि चंपारण जैसे गर्म जलवायु वाले इलाके में इसकी खेती सफल साबित हो रही है।
पहले यहां सेब की खेती को लेकर तापमान बड़ी बाधा माना जाता था। सेब की पारंपरिक किस्मों के लिए कम तापमान की जरूरत होती है, लेकिन अन्ना प्रजाति ने इस धारणा को बदल दिया है।अन्ना प्रजाति के पौधों में फल मई-जून से ही तैयार होने लगते हैं।
फलों में अच्छी मिठास होने के कारण स्थानीय बाजार में इनकी मांग भी बढ़ रही है। किसान बागान से ही सेब को 150 से 200 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से बेच रहे हैं। वर्तमान में दूसरे प्रदेशों से आने वाला सेब बाजार में करीब 100 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से उपलब्ध है।
आधा दर्जन किसान कर रहे अन्ना प्रजाति सेब की खेती
स्थानीय स्तर पर पहले फल तैयार होने से किसानों को बेहतर बाजार मूल्य मिल रहा है। किसान रविकांत पांडेय के अनुसार, सेब की खेती से प्रति एकड़ नौ से दस लाख रुपये तक की आमदनी हो रही है। इसके मुकाबले आम की खेती से प्रति एकड़ महज डेढ़ से दो लाख रुपये की आमदनी होती है।
यही कारण है कि किसान अब पारंपरिक फसलों के साथ बागवानी के नए विकल्पों की ओर आकर्षित हो रहे हैं। जिले में करीब आधा दर्जन किसान अन्ना प्रजाति के सेब की खेती शुरू कर चुके हैं और उन्हें इससे आर्थिक लाभ भी मिलने लगा है।
पुरानी प्रजाति से नहीं मिली थी सफलता
चंपारण में सेब की खेती का प्रयोग नया नहीं है। वर्ष 1999 में भी एचआरएमएन-99 प्रजाति के माध्यम से इसकी खेती की पहल की गई थी। हालांकि, उस समय किसानों को अपेक्षित सफलता नहीं मिली।
गर्म जलवायु में इस प्रजाति के फल हरे रह जाते थे और उनका स्वाद भी खट्टा होता था। इसके विपरीत ठंडे इलाकों में फल गुलाबी रंग के और मीठे होते थे। अब अन्ना प्रजाति ने चंपारण की जलवायु के अनुकूल सेब उत्पादन की नई संभावनाएं खोल दी हैं।
जिले में अन्ना प्रजाति के सेब का अच्छा उत्पादन मिल रहा है। ज्यादा मूल्य मिलने से जिले के अन्य किसान भी इसकी खेती के लिए पहल करेंगे।
डा. अभिषेक प्रताप सिंह, मुख्य कार्यक्रम समन्वयक, सह विज्ञानी केविके, माधोपुर
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।