बगहा में ट्रेन खुलते ही चढ़ने की जल्दबाजी, संतुलन बिगड़ा और प्लेटफॉर्म पर गिर पड़ा कोच अटेंडेंट
बगहा रेलवे स्टेशन पर चलती ट्रेन में चढ़ने के प्रयास में एक कोच अटेंडेंट घायल हो गए। अलीगढ़ निवासी सतपाल ...और पढ़ें

घायल का चल रहा इलाज।
जागरण संवाददाता, बगहा (पश्चिम चंपारण)। बगहा रेलवे स्टेशन पर बुधवार को उस समय अफरातफरी मच गई, जब चलती ट्रेन में चढ़ने के प्रयास के दौरान एक कोच अटेंडेंट अचानक नीचे गिरकर घायल हो गया।
हादसे में अलीगढ़ निवासी 40 वर्षीय सतपाल सिंह को पैर समेत शरीर के कुछ अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं। घटना के बाद रेलवे स्टेशन परिसर में मौजूद मेडिकल टीम ने तत्परता दिखाते हुए घायल का प्राथमिक उपचार किया। इसके बाद बेहतर इलाज के लिए उन्हें अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया गया।
मिली जानकारी के अनुसार, लौकहा बाजार से आनंद विहार जाने वाली ट्रेन संख्या 04013 बुधवार दोपहर करीब एक बजे बगहा रेलवे स्टेशन पहुंची थी। ट्रेन यहां करीब 40 मिनट तक रुकी रही। इसी दौरान ट्रेन में कोच अटेंडेंट के रूप में कार्यरत सतपाल सिंह किसी कारणवश नीचे उतर गए।
कुछ समय बाद जब ट्रेन अपने निर्धारित ठहराव के बाद स्टेशन से रवाना होने लगी, तब उन्होंने दोबारा ट्रेन में सवार होने का प्रयास किया।बताया जा रहा है कि उस समय ट्रेन की रफ्तार धीरे-धीरे बढ़ रही थी।
इसी बीच चलती गाड़ी में जबरन चढ़ने की कोशिश के दौरान उनका संतुलन बिगड़ गया और वे प्लेटफॉर्म पर नीचे गिर पड़े। हादसे में उन्हें चोटें आईं।घटना की जानकारी मिलते ही स्टेशन परिसर में मौजूद मेडिकल टीम सक्रिय हो गई।
डॉ. रणवीर सिंह, स्टाफ नर्स अविनाश कुमार समेत अन्य मेडिकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर घायल को तत्काल प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया। इसके बाद उनकी स्थिति को देखते हुए बेहतर चिकित्सा के लिए अनुमंडलीय अस्पताल रेफर कर दिया गया।
यह भी पढ़ें- बेतिया में तेज रफ्तार बस ने बाइक और स्कूटी को मारी टक्कर, दो की मौत, 12वीं का छात्र भी हादसे का शिकार