बिहार के बगहा स्टेशन पर बढ़ेगी सुविधा, जनरल बोगी पकड़ने के लिए नहीं करनी होगी भागदौड़
बगहा रेलवे स्टेशन पर प्लेटफॉर्म की लंबाई बढ़ाने का कार्य तेजी से चल रहा है, जिसमें 450 मीटर का विस्तार ...और पढ़ें

बगहा रेलवे स्टेशन पर प्लेटफार्म से बाहर ट्रेन पर चढ़ते- उतरते यात्री । जागरण
संवाद सूत्र, बगहा (पश्चिम चंपारण)। बिहार में बगहा रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा को देखते हुए प्लेटफॉर्म की लंबाई बढ़ाने का कार्य तेजी से किया जा रहा है।
प्लेटफॉर्म संख्या एक पर अब तक 450 मीटर लंबाई का विस्तार कार्य पूरा हो चुका है, जबकि शेष 150 मीटर का निर्माण कार्य जल्द पूरा किया जाएगा। इसके बाद एक्सप्रेस ट्रेनों की सभी बोगियां प्लेटफॉर्म के दायरे में खड़ी हो सकेंगी, जिससे यात्रियों को ट्रेन में चढ़ने और उतरने में काफी सहूलियत मिलेगी।
दरअसल, प्लेटफॉर्म की लंबाई कम होने के कारण बगहा रेलवे स्टेशन पर रुकने वाली कई एक्सप्रेस ट्रेनों की आगे और पीछे की कुछ बोगियां प्लेटफॉर्म से बाहर खड़ी होती थीं।
इस वजह से यात्रियों, खासकर जनरल कोच में सफर करने वालों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। यात्रियों को ट्रेन में चढ़ने और उतरने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ती थी।
कई ट्रेनों में जनरल बोगियां प्लेटफॉर्म से बाहर ही रह जाती थीं।इस समस्या को देखते हुए रेलवे के कंस्ट्रक्शन विभाग की ओर से प्लेटफॉर्म की कुल लंबाई में 600 मीटर तक विस्तार की योजना पर काम किया जा रहा है।
इसमें अब तक 450 मीटर का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। शेष 150 मीटर का काम पूरा होने के बाद पूरी ट्रेन प्लेटफॉर्म पर खड़ी हो सकेगी। इससे यात्रियों को बोगियों तक पहुंचने में होने वाली परेशानी से छुटकारा मिलेगा।
कोच पोजिशन डिस्प्ले बोर्ड भी होगा चालू
प्लेटफॉर्म की लंबाई बढ़ाने के साथ यात्रियों की सुविधा के लिए कोच पोजिशन डिस्प्ले बोर्ड भी लगाए गए हैं। प्लेटफॉर्म पर तीन डिस्प्ले बोर्ड लगाए गए हैं, लेकिन प्लेटफॉर्म का विस्तार कार्य पूरा नहीं होने के कारण फिलहाल ये पूरी तरह काम नहीं कर रहे हैं।
शेष 150 मीटर का निर्माण कार्य पूरा होने के बाद डिस्प्ले बोर्ड को भी चालू करने की उम्मीद है। इससे यात्रियों को ट्रेन आने से पहले ही अपने कोच की सही स्थिति की जानकारी मिल सकेगी और उन्हें प्लेटफॉर्म पर इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा।
प्लेटफॉर्म का विस्तार कार्य पूरा होने से बगहा रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से सफर करने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। खासकर जनरल बोगी में यात्रा करने वाले यात्रियों को चढ़ने और उतरने में होने वाली परेशानी से निजात मिलेगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।