विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Bihar News : दीयों की जगह LED ने ली, स्वदेशी की अपील पर भारी पड़ा चाइनीज आकर्षण

Published: Mon, 09 Nov 2026 05:32 PM (IST)

बिहार के बगहा में दीपावली पर चीनी झालरों और इलेक्ट्रॉनिक लाइटों का बोलबाला रहा, जिससे स्वदेशी की अपील फीकी पड़ ...और पढ़ें

पश्चिम चंपारण के बगहा में चीनी झालरों और इलेक्ट्रॉनिक लाइटों से घरों की सजावट।

पश्चिम चंपारण के बगहा में चीनी झालरों और इलेक्ट्रॉनिक लाइटों से घरों की सजावट।

HighLights

  1. चीनी झालरों और इलेक्ट्रॉनिक लाइटों का खूब इस्तेमाल हुआ।

  2. मिट्टी के दीयों की परंपरा फीकी पड़ती नजर आई।

  3. पटाखों के धुएं से वातावरण प्रदूषित हुआ, सुरक्षा रही पुख्ता।

संवाद सहयोगी, बगहा (पश्चिम चंपारण)। दीपावली पर घर-आंगन रोशनी से जगमगाए, बाजारों में रौनक दिखी और आतिशबाजी से आसमान गूंजता रहा। लेकिन इस चमक-दमक के बीच स्वदेशी का संदेश कहीं पीछे छूटता नजर आया।

मेक इन इंडिया और स्वदेशी उत्पादों को अपनाने की अपील के बावजूद नगर से लेकर गांवों तक चीनी झालरों और इलेक्ट्रॉनिक लाइटों का खूब इस्तेमाल हुआ। मिट्टी के दीये कम दिखाई दिए। पटाखों के धुएं ने भी वातावरण को प्रदूषित किया। बुजुर्गों को इस बदलती परंपरा की चिंता सता रही है।

चीनी झालरों से जगमगाए घर-आंगन

प्रधानमंत्री की ओर से स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने की अपील की जा रही है, लेकिन दीपावली पर इसका खास असर दिखाई नहीं दिया। नगर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में अधिकांश घरों की सजावट में चाइनीज झालरों और इलेक्ट्रॉनिक लाइटों का इस्तेमाल हुआ। रंग-बिरंगी रोशनी के बीच विदेशी उत्पादों का बोलबाला रहा।

मिट्टी के दीयों की परंपरा पड़ रही फीकी

आधुनिक सजावट के बीच मिट्टी के दीये पीछे छूटते जा रहे हैं। पहले लोग शुद्ध देसी घी और सरसों के तेल से मिट्टी के दीये जलाकर दीपावली मनाते थे। अब इलेक्ट्रॉनिक लाइटों ने उनकी जगह ले ली है। बुजुर्गों का कहना है कि पारंपरिक दीयों और स्वदेशी उत्पादों से दूरी आने वाली पीढ़ियों के लिए चिंता का विषय है।

पटाखों के धुएं से प्रदूषित हुआ वातावरण

दीपावली पर आतिशबाजी का भी खूब दौर चला। पटाखों की तेज आवाज और उनसे निकलने वाले धुएं के कारण वातावरण धुआं-धुआं नजर आया। तेज आवाज और वायु प्रदूषण के बीच त्योहार का उल्लास दिखाई दिया।

सुरक्षा के रहे पुख्ता इंतजाम

इधर, नगर सहित पूरे अनुमंडल में दीपावली शांतिपूर्ण संपन्न हुई। विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विभिन्न स्थानों पर दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और पुलिस बल की तैनाती की गई थी। अग्निशमन विभाग की टीमें भी अलर्ट मोड में रहीं।

कंट्रोल रूम से रखी गई नजर

अग्निशमन प्रभारी ऋचा प्रभा ने बताया कि पूरे अनुमंडल में अधिकारी और अग्निशमन कर्मी सतर्क रहे। कंट्रोल रूम में भी कर्मियों की तैनाती की गई थी। सभी टीमें किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार थीं। सतर्कता और सुरक्षा इंतजामों के कारण कहीं कोई बड़ी अनहोनी नहीं हुई।

यह भी पढ़ें- दरभंगा में जहां गूंजने चाहिए छठ के गीत, वहां जलकुंभी में कैद मिर्जा खान तालाब

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।