विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दरभंगा में जहां गूंजने चाहिए छठ के गीत, वहां जलकुंभी में कैद मिर्जा खान तालाब

Published: Mon, 09 Nov 2026 04:33 PM (GMT+05:30)

दरभंगा में छठ महापर्व नजदीक है, लेकिन मिर्जा खान तालाब की सफाई नहीं हुई है। जलकुंभी और गंदगी से पटे ...और पढ़ें

दरभंगा जिले में मिर्जा खान तालाब में जलकुंभी। जागरण

दरभंगा जिले में मिर्जा खान तालाब में जलकुंभी। जागरण

HighLights

  1. दरभंगा में छठ से पहले मिर्जा खान तालाब गंदा।

  2. तालाब जलकुंभी से ढका, किनारों पर गंदगी पसरी।

  3. श्रद्धालु नगर निगम से तत्काल सफाई की मांग कर रहे।

संवाद सहयोगी, दरभंगा। बिहार में छठ महापर्व करोड़ों लोगों की आस्था, विश्वास और अटूट श्रद्धा का प्रतीक है। चार दिनों तक चलने वाले इस महापर्व में व्रती निर्जला उपवास रखकर अस्ताचलगामी और उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करती हैं। इसके लिए घरों से लेकर तालाबों और घाटों तक विशेष तैयारियां की जाती हैं।

हालांकि दरभंगा के लहेरियासराय थाना क्षेत्र स्थित मिर्जा खान तालाब की तस्वीर कुछ अलग ही कहानी बयां कर रही है। छठ महापर्व नजदीक है, लेकिन तालाब की समुचित सफाई अब तक नहीं हुई है।

जलकुंभी से ढका तालाब और किनारों पर पसरी गंदगी देखकर श्रद्धालुओं की चिंता बढ़ने लगी है। जिस जल में खड़े होकर व्रती भगवान भास्कर को अर्घ्य देंगे, उसी जल तक पहुंचने का रास्ता जलकुंभी ने रोक रखा है।

जलकुंभी से पट गया तालाब, घाटों पर गंदगी

मिर्जा खान तालाब का बड़ा हिस्सा जलकुंभी से ढका हुआ है। तालाब के किनारों पर कचरा जमा है और घाटों की स्थिति भी दयनीय बनी हुई है।

ऐसे में छठ के दौरान यहां अर्घ्य देने आने वाले व्रतियों को काफी परेशानी हो सकती है। खासकर महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों के लिए घाट तक पहुंचना चुनौतीपूर्ण हो सकता है।

कई मोहल्लों के लोगों की आस्था का केंद्र

यह तालाब आसपास के कई मोहल्लों के लोगों की आस्था से जुड़ा हुआ है। हर साल बड़ी संख्या में महिला और पुरुष व्रती यहां छठ पूजा करते हैं। अस्ताचलगामी सूर्य को पहला और उदीयमान सूर्य को दूसरा अर्घ्य अर्पित करने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ जुटती है। ऐसे में तालाब की मौजूदा स्थिति से लोगों में निराशा है।

छठ से पहले सफाई की दरकार

स्थानीय लोगों की अपेक्षा है कि नगर निगम तत्काल सफाई अभियान चलाए। जलकुंभी हटाने के साथ तालाब से कचरा निकालने, घाटों की सफाई और पहुंच पथ को दुरुस्त करने की जरूरत है।

साथ ही श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए भी जरूरी इंतजाम किए जाने चाहिए। ताकि आस्था के इस महापर्व पर व्रतियों को गंदगी और अव्यवस्था के बीच अर्घ्य अर्पित करने की मजबूरी न हो।

यह भी पढ़ें- छठ गीतों की असली 'पावर स्टार' हैं शारदा सिन्हा, पवन सिंह और खेसारी के दौर में भी गूंजती है उनकी आवाज

छठ गीतों की असली 'पावर स्टार' हैं शारदा सिन्हा, पवन सिंह और खेसारी के दौर में भी गूंजती है उनकी आवाज

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।