बिहार में 25 नवंबर को रेल यात्रियों की बढ़ेगी परेशानी, नरकटियागंज-पनियहवा रेलखंड पर कई ट्रेनें रद
नरकटियागंज-पनियहवा रेलखंड पर 25 नवंबर को पुल निर्माण के कारण 7.5 घंटे का ब्लॉक रहेगा। इससे कई ट्रेनें रद्द, मार्ग परिवर्तित या देरी से चलेंगी, जिससे यात्रियों को असुविधा होगी।

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।
HighLights
25 नवंबर को नरकटियागंज-पनियहवा रेलखंड पर ब्लॉक।
पुल निर्माण के कारण कई ट्रेनें रद/विलंबित होंगी।
यात्रियों को अपनी यात्रा के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करनी होगी।
संवाद सूत्र, बेतिया (पूर्वी चंपारण)। नरकटियागंज-पनियहवा रेलखंड पर यात्रा करने वाले यात्रियों को 25 नवंबर को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। कुमारबाग-बगहा के बीच पुल संख्या 346 पर निर्माण कार्य के चलते रेलवे सात घंटे 30 मिनट का पावर और ट्रैफिक ब्लॉक लेगा।
इस दौरान कई ट्रेनें रद रहेंगी, कुछ का मार्ग बदलेगा तो कुछ ट्रेनों का परिचालन आंशिक रूप से होगा। कई ट्रेनें विलंब से भी रवाना होंगी। रेलवे ने परिचालन में बदलाव की जानकारी दी है।
दो पैसेंजर ट्रेनें रहेंगी रद
रेलवे के अनुसार, 25 नवंबर को ट्रेन नंबर 53242 नरकटियागंज-गौनाहा और 53241 गौनाहा-नरकटियागंज का परिचालन रद रहेगा। इससे इस रेलखंड पर यात्रा करने वाले यात्रियों को वैकल्पिक व्यवस्था करनी होगी।
सिसवा बाजार तक ही चलेगी ट्रेन
ट्रेन नंबर 55096 गोरखपुर कैंट-नरकटियागंज का परिचालन सिसवा बाजार तक ही होगा। वहीं, ट्रेन नंबर 55039 नरकटियागंज-बनकटा सिसवा बाजार से रवाना होगी। इस बदलाव के कारण यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए अतिरिक्त व्यवस्था करनी पड़ सकती है।
दो ट्रेनों का बदलेगा मार्ग
ट्रेन नंबर 04014 आनंद विहार-लखनऊ क्वीन 24 नवंबर को परिवर्तित मार्ग से चलेगी। वहीं, ट्रेन नंबर 19726 दरभंगा-कटिहार का परिचालन 25 नवंबर को बदले हुए मार्ग से होगा।
तीन ट्रेनें देरी से होंगी रवाना
ब्लॉक के कारण तीन ट्रेनों के प्रस्थान समय में भी बदलाव किया गया है। ट्रेन नंबर 15273 रक्सौल-आनंद विहार 25 नवंबर को चार घंटे देरी से रवाना होगी। ट्रेन नंबर 15274 आनंद विहार-रक्सौल 24 नवंबर को ढाई घंटे और ट्रेन नंबर 19038 बरौनी-बांद्रा टर्मिनस 25 नवंबर को दो घंटे की देरी से रवाना होगी।