बिहार के अल्पसंख्यक आवासीय स्कूलों में नामांकन शुरू, JEE और NEET की मिलेगी FREE कोचिंग
Minority Residential Schools Bihar:बिहार के अल्पसंख्यक आवासीय विद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए नौवीं और ग्यारहवीं कक्षा में नामांकन ...और पढ़ें

चयनित विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ आवासन, भोजन, वस्त्र, दवा और पुस्तकें पूरी तरह निशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी।
जागरण संवाददाता, बेतिया (पश्चिमी चंपारण)। Minority Residential Schools Bihar: अल्पसंख्यक समुदाय के छात्र-छात्राओं को बेहतर शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का शानदार अवसर देने के लिए बिहार राज्य अल्पसंख्यक आवासीय विद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के तहत नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है।
कक्षा नौवीं और 11वीं में प्रवेश के इच्छुक विद्यार्थी आगामी 17 नवंबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके तहत चयनित विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ आवासन, भोजन, वस्त्र, दवा और पुस्तकें पूरी तरह निशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी।
गुणवत्तापूर्ण शिक्षा
अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के सहायक निदेशक अब्दुल रशीद ने जानकारी देते हुए बताया कि राज्य सरकार की ओर से अल्पसंख्यक समुदाय के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के लिए ये आवासीय विद्यालय संचालित किए जा रहे हैं। इन आवासीय विद्यालयों में कक्षा नौवीं से लेकर 12वीं तक की उच्चस्तरीय पढ़ाई की पूरी व्यवस्था की गई है।
विज्ञान और कला संकाय
इंटरमीडिएट स्तर पर विज्ञान संकाय के तहत पीसीएम, पीसीबी और कला संकाय की पढ़ाई की विशेष सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इसके अलावा विद्यार्थियों को आधुनिक सुविधाओं से पूरी तरह युक्त प्रयोगशालाओं का लाभ भी मिलता है।
मुफ्त कोचिंग सुविधा
विद्यार्थियों को इंजीनियरिंग और मेडिकल जैसी देश की प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए जेईई और नीट की निशुल्क कोचिंग भी दी जाती है।
इससे गरीब और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को एक बेहतरीन शैक्षणिक माहौल में आगे बढ़ने का सुनहरा अवसर प्राप्त होगा।
अभिभावकों से अपील
सहायक निदेशक ने सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि यानी 17 नवंबर तक ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें।
उन्होंने कहा कि अभिभावक आगे आएं और अपने बच्चों को इस कल्याणकारी योजना के तहत मिलने वाली सभी शैक्षणिक एवं आवासीय सुविधाओं का अधिक से अधिक लाभ दिलाएं।
यह भी पढ़ें- बिहार के सरकारी स्कूलों में जींस टीशर्ट बैन, फॉर्मल ड्रेस में आएंगे शिक्षक और कर्मी