विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बेतिया में रील बनाने पर भाई ने टोका, विवाद में मारपीट, भागते समय पोखर में गिरकर युवक की मौत

Published: Wed, 07 Oct 2026 06:50 PM (IST)

रील बनाने को लेकर दो भाइयों के बीच हुए विवाद में छोटा भाई हीरामन राम भागने के दौरान पोखर में ...और पढ़ें

घटना की सूचना पर जुटी स्थानीय लोगों की भीड़। जागरण

घटना की सूचना पर जुटी स्थानीय लोगों की भीड़। जागरण

HighLights

  1. रील बनाने को लेकर दो भाइयों में हुआ विवाद।

  2. झगड़े के दौरान फिसलकर पोखर में गिरे छोटे भाई की मौत।

  3. परिजनों ने पोस्टमार्टम से इनकार किया, हृदय गति रुकने का दावा।

जागरण संवाददाता, बेतिया (पश्चिम चंपारण)। मझौलिया थाना क्षेत्र की हरपुर गढ़वा पंचायत के वार्ड संख्या 18 में बुधवार सुबह रील बनाने को लेकर दो भाइयों के बीच विवाद हो गया। नौबत मारपीट की पहुंच गई।

इस दौरान भागने के क्रम में छाेटे भाई हीरामन राम का पैर फिसल गया और वह पोखर में गिर गया। जब तक आसपास के लोग पहुंचते पोखर में डूबकर उसकी मौत हो गई। हालांकि बड़े भाई विश्वनाथ राम ने उसको बचाने का काफी प्रयास किया था।

बताया जाता है कि हीरामन राम करीब चार महीने से रील बनाने में सक्रिय थे। कभी कभार वह अपनी पत्नी चुन्नी देवी के साथ भी रील बनाकर इंटरनेट मीडिया पर डाल देता था। उसकी इस कार्यशैली का विरोध बड़ा भाई विश्वनाथ राम करता था। वह कहता था कि इससे समाज में बदनामी हो रही है।

इसके लिए कई बार हीरामन राम को समझाया था। मेहनत मजदूरी कर आजीविका चलाने को कहा था। लेकिन , हीरामन को रील का चस्का लग गया था। बुधवार सुबह दस बजे के आसपास इसी बात को लेकर दोनों भाइयों में कहासुनी शुरू हुई।

विवाद बढ़ने पर मारपीट होने लगी। हीरामन जान बचाकर भागने लगा। चूंकि इनका घर पोखर के तट पर है। घर से करीब 25 गज की दूरी पर पोखर के तट पर वर्षा होने के कारण फिसलन की वजह से उसका पैर फिसल गया और पानी में गिर गया, जिससे मौत हो गई। घटना की सूचना

सूचना पर मझौलिया पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। इस बीच, गांव के कुछ लोगों ने मामले को सुलझा दिया। स्वजन ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया।

थानाध्यक्ष अमर कुमार ने बताया कि मृतक के स्वजन ने लिखित आवेदन देकर बताया है कि हृदय गति रुकने से मौत हुई है और पोस्टपार्टम कराने से भी इन्कार कर दिया है।

यह भी पढ़ें- दरभंगा में रील को लेकर पत्नी से हुई थी कहासुनी, रात में रेलवे ट्रैक पर मिला जीएनएम छात्र का शव

यह भी पढ़ें- समस्तीपुर के जोगिया मठ में युवक को मारी गोली, पेट और पैर में लगी दो गोली