West Champaran : एक दिन पहले फोन पर बताई थी दर्दभरी दास्तां, अगले दिन बिस्तर पर मिला विवाहिता का शव
बेतिया के नुनिया पट्टी में एक विवाहिता नेहा कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मायके वालों ने पति ...और पढ़ें

मृतका की फाइल फोटो
जागरण संवाददाता, बेतिया (पश्चिम चंपारण)। नगर थाना क्षेत्र के पावर हाउस चौक नुनिया पट्टी में शनिवार की शाम एक विवाहिता की संदिग्ध स्थिति में मौत हो गई। मृतका की पहचान नुनिया पट्टी निवासी अनिल कुमार की पत्नी नेहा कुमारी (28) के रूप में हुई है।
सूचना मिलने पर पहुंचे मायके वालों को उसका शव कमरे में बिस्तर पर पड़ा मिला। मायके वालों के अनुसार, उस समय ससुराल के सभी सदस्य घर से फरार थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भेज दिया है।
मृतका के पिता मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के लोहारपट्टी निवासी मोतीलाल प्रसाद ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही नेहा को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाता था। उसके पति अनिल कुमार द्वारा बुलेट बाइक की मांग की जा रही थी।
मांग पूरी नहीं होने पर उसके साथ मारपीट की जाती थी। पिता ने कहा कि इस मामले में पहले पंचायत भी हुई थी, लेकिन प्रताड़ना बंद नहीं हुई। घटना से एक दिन पहले नेहा ने फोन कर उन्हें बताया था कि दहेज को लेकर उसके साथ मारपीट की गई है और उसे परेशान किया जा रहा है।
नेहा की शादी आठ मई 2023 को अनिल कुमार से हुई थी। अनिल छापाखाना चलाते हैं। नेहा का दो साल का बेटा कुशल कुमार है। मृतका का मायका मुफस्सिल थाना क्षेत्र के लोहारपट्टी वार्ड 35 में है।
वह पांच बहनों और तीन भाइयों में तीसरे स्थान पर थी। पिता ने अपने दामाद व परिवार वालों पर मिलकर हत्या करने का आरोप लगाया है। उन्होंने नेहा के देवर, भसुर, सास, ससुर और देयादिन पर हत्या का आरोप लगाया है।
इस बावत नगर थानाध्यक्ष विनय कुमार ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत के कारण का पता चल सकता है। मामले की जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें- बिहार में मां दुर्गा की डोली यात्रा में अचानक मचा हड़कंप, कुत्ते ने 50 से अधिक लोगों को काटा
