बेतिया के सेनको ज्वेलर्स लूटकांड में चार और अपराधी गिरफ्तार, 17 करोड़ के गहनों की तलाश जारी
बेतिया के सेनको ज्वेलर्स लूटकांड में पुलिस ने चार और आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिससे कुल गिरफ्तारियां सात हो गई हैं। लगभग 17 करोड़ रुपये के लूटे गए आभूषणों की बरामदगी के लिए छापेमारी जारी है।

गिरफ्तार सूरज कुमार यादव का आपराधिक इतिहास रहा है।
HighLights
बेतिया सेनको ज्वेलर्स लूटकांड में चार नए आरोपी गिरफ्तार।
कुल गिरफ्तार आरोपियों की संख्या अब सात हुई।
17 करोड़ के लूटे गए आभूषण अभी बरामद नहीं।
जागरण संवाददाता, बेतिया (पश्चिमी चंपारण)। Bettiah Senco Jewellers Robbery: पश्चिमी चंपारण के बेतिया स्थित सुप्रिया रोड के सेनको ज्वेलर्स शोरूम से करीब 17 करोड़ रुपये के आभूषण लूटकांड में पुलिस को एक और सफलता मिली है।
पुलिस ने मामले में चार और आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इनमें वैशाली जिले के तीन और पश्चिम चंपारण के मुफस्सिल थाना क्षेत्र का एक आरोपित शामिल है।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान वैशाली जिले के महनार थाना क्षेत्र के सरसमस्तपुर निवासी अविनाश कुमार, जंदाहा थाना क्षेत्र के बालचक महादेव वार्ड-16 निवासी नितेश कुमार और राजन कुमार के रूप में हुई है।
वहीं, पश्चिम चंपारण के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के चरगाहा मिश्र टोला निवासी सूरज कुमार यादव को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इन चारों की गिरफ्तारी के साथ ही मामले में पकड़े गए आरोपितों की संख्या सात हो गई है।
सूरज पर सात आपराधिक मामले
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार सूरज कुमार यादव का आपराधिक इतिहास रहा है। उसके विरुद्ध मुफस्सिल, नगर, ऋषिकेश कोतवाली और गोविंदगंज समेत विभिन्न थानों में सात आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस और गैंगस्टर एक्ट से जुड़े मामले शामिल हैं।
11 अपराधियों की संलिप्तता
गौरतलब है कि 18 नवंबर को नगर के सुप्रिया रोड स्थित सेनको ज्वेलर्स शोरूम में हथियार के बल पर अपराधियों ने करीब 17 करोड़ रुपये के आभूषण लूट लिए थे।
घटना के बाद पुलिस ने जांच शुरू की थी। इस दौरान लूटकांड में कुल 11 अपराधियों की संलिप्तता सामने आई थी।
गहनों की बरामदगी अब तक नहीं
पुलिस ने चार नई गिरफ्तारियों से पांच दिन पहले वैशाली जिले के ही तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया था। इस तरह अब तक सात आरोपित पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं।
हालांकि, लूटे गए आभूषणों की बरामदगी अब तक नहीं हो सकी है। शेष आरोपितों की गिरफ्तारी और लूटे गए गहनों की बरामदगी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
यह भी पढ़ें- बेतिया में Gen-Z गैंग ने रेलवे स्टेशन पर लिखी पटकथा, तीन घंटे की रेकी के बाद शोरूम में धावा