बेतिया में Gen-Z गैंग ने रेलवे स्टेशन पर लिखी पटकथा, तीन घंटे की रेकी के बाद शोरूम में धावा
बेतिया में सेनको गोल्ड एंड डायमंड्स शोरूम में 17 करोड़ की लूट को अंतरजिला जेनजी गैंग ने अंजाम दिया। अपराधियों ...और पढ़ें

शो रूम के बाहर लाल स्वेटर में बाइक पर खड़ा युवक । सौ. इंटरनेट मीडिया
जागरण संवाददाता, बेतिया (पश्चिम चंपारण)। भारत की प्रमुख आभूषण कंपनी सेनको गोल्ड एंड डायमंड्स शो रूम में लूट की घटना को अंजाम देने के लिए अंतरजिला जेनजी गैंग के अपराधी बीते 17 नवंबर की रात दस बजे ही शहर में दाखिल हो गए थे।
अपराधियों ने अपनी कार बेतिया रेलवे स्टेशन की पार्किंग एरिया में खड़ी की थी। गिरोह के मास्टर माइंड ने लूट की पूरी पटकथा स्टेशन परिसर में ही रची थी। इसके बाद अगले दिन सुबह से ही शोरूम और आसपास के इलाकों की रेकी शुरू कर दी थी।
फिर 12:19 बजे लूटकांड को अंजाम दिया था। लूट के जांच के लिए पहुंचा डाग स्क्वायड भी करीब दो घंटे तक रेलवे स्टेशन के इर्द- गिर्द रहा। शो रूम से पूरब की ओर निकला डाग स्क्वायड आदित्य विजन के रास्ते बानूछापर रेलवे गुमटी के पास पहुंचा और वहां से प्लेटफार्म संख्या दो के बाहरी रास्ते से होते हुए फुट ओवरब्रिज तक पहुंचा।
फुट ओवरब्रिज के रास्ते स्टेशन पर भी डाग स्क्यावड आया। इस आधार पर एसआइटी की एक टीम जांच कर रही है। सूत्रों का कहना है कि लूट के बाद अपराधी आभूषणों को लेकर बेतिया रेलवे स्टेशन पहुंचे और लूटे गए गहनों को कार में रख दिया। इसके बाद सभी अपराधी बाइक से अलग- अलग रास्तों से फरार हो गए।
17 करोड़ के आभूषण की हुई लूट
शो रूम के मालिक राकेश कुमार ने बताया कि वे 12 बजे के आसपास शो रूम में गए थे। वहां जाने के बाद एक कर्मी के पत्नी के देहांत की सूचना मिली। वे शोक संवेदना प्रकट करने के लिए कर्मी के घर गए थे।
इसी दौरान अपराधियों ने लूट की घटना को अंजाम दी। बताया कि 17 करोड़ के सोना एवं डायमंड के आभूषण की लूट हुई है। शो रूम का करीब 30 करोड़ का इंश्योरेंस भी है।
सीसीटीवी फुटेज से खुलने लगे राज, लूट में इस्तेमाल बाइकों की पहचान
लूट के बाद घटनास्थल पर डॉग स्क्वायड और एफएसएल की टीम की मदद से अपराधियों के भागने के रास्ते और संभावित ठिकानों से जुड़े अहम सुराग जुटाए गए हैं।
वहीं, शोरूम और शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर लगे सीसी कैमरों के फुटेज खंगालने के बाद पुलिस ने लूटकांड में इस्तेमाल की गई बाइकों की पहचान कर ली है। इन साक्ष्यों के आधार पर सदर एसडीपीओ अजीत कुमार के नेतृत्व में गठित विशेष टीम लगातार छापेमारी कर रही है।
कर्मचारियों की सूझबूझ से बचे 70 प्रतिशत आभूषण
कर्मचारियों की सूझबूझ और सुरक्षित लॉकरों के कारण शोरूम का बड़ा स्टॉक लुटने से बच गया।अपराधी शोरूम में उपलब्ध कुल आभूषणों का लगभग 30 प्रतिशत हिस्सा ही अपने साथ ले जा सके।
शेष करीब 70 प्रतिशत स्टॉक सुरक्षित रहा। कर्मचारियों की सतर्कता और सुरक्षित लॉकरों के कारण लूट की इस बड़ी वारदात में संभावित नुकसान और बढ़ने से बच गया।
टावर डंप से भी अपराधियों की पहचान में मिली मदद
करोड़ों की लूट को अंजाम देने वाले अपराधियों तक पहुंचने के लिए पुलिस अब तकनीकी साक्ष्यों को खंगाल रही है। घटनास्थल के आसपास के मोबाइल टावरों का टावर डंप कराया गया है। इसके जरिए वारदात के समय संबंधित क्षेत्र में सक्रिय मोबाइल नंबरों की पहचान की गई है। संदिग्ध नंबरों का कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) निकालकर उनकी गतिविधियों और आपसी संपर्कों की पड़ताल की जा रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।