विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बेतिया में दिलशाद की मौत के लिए कौन जिम्मेदार, सहोदरा थानाध्यक्ष समेत छह निलंबित

By Sunil AnandEdited By: Dharmendra Singh
Published: Mon, 12 Oct 2026 09:13 PM (IST)

पश्चिम चंपारण के बेतिया में पुलिस अभिरक्षा में एक युवक की मौत के मामले में वरीय पुलिस अधीक्षक ने बड़ी ...और पढ़ें

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।

जागरण संवाददाता, बेतिया (पश्चिम चंपारण)। पश्चिम चंपारण के बेतिया में पुलिस अभिरक्षा में युवक की मौत के मामले में वरीय पुलिस अधीक्षक कुमार गौतम ने बड़ी कार्रवाई की है।

मामले में सहोदरा थानाध्यक्ष रवि शंकर कुमार समेत छह पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। एसएसपी ने गिरफ्तारी के बाद पुलिस वाहन से युवक के कूदने की घटना को पुलिसकर्मियों की गंभीर लापरवाही माना है।

निलंबित पुलिसकर्मियों में सहोदरा थानाध्यक्ष रवि शंकर कुमार, दारोगा अरुण कुमार, सिपाही सौदागर कुमार यादव, राज किशोर ऋषि, कुंदन कुमार और चालक सिपाही सुमन कुमार शामिल हैं।

मृतक की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के अवरहिया बढ़ई टोला वार्ड तीन निवासी दिलशाद अंसारी (25) के रूप में हुई है। वह गांजा तस्करी के 14 माह पुराने मामले में अप्राथमिकी अभियुक्त था। पुलिस ने बीती रात उसे गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद नरकटियागंज-सहोदरा मार्ग पर पुलिस वाहन से कूदने के दौरान उसके सिर में गंभीर चोट लग गई।

पुलिस के अनुसार, दिलशाद भागने की नीयत से वाहन से कूदा था। गंभीर रूप से घायल होने के बाद उसे तत्काल अनुमंडल अस्पताल, नरकटियागंज ले जाया गया।

वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए जीएमसीएच रेफर कर दिया। पुलिस उसे जीएमसीएच लेकर पहुंची, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

स्वजन ने पुलिस की कार्यशैली पर उठाए सवाल

पुलिस अभिरक्षा में दिलशाद की मौत के बाद उसके स्वजन ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए हैं। स्वजन का कहना है कि दिलशाद पर किसी तरह का कोई मामला नहीं था। वहीं, पुलिस उसे गांजा तस्करी के पुराने मामले में अप्राथमिकी अभियुक्त बता रही है। घटना के बाद छह पुलिसकर्मियों का निलंबन किया गया है।

यह भी पढ़ें- बिहार: पुलिस हिरासत में बेतिया के 25 वर्षीय युवक की मौत, गाड़ी से कूदने के दौरान लगी थी चोट