दरवाजे पर पटाखा फोड़ने से मना किया तो ले ली जान, बेतिया में अधेड़ की पीट-पीटकर हत्या; 2 भतीजे भी घायल
बेतिया के लक्ष्मीपुर गांव में दरवाजे पर पटाखा बजाने से मना करने पर एक अधेड़ मोतीलाल मुखिया की पीट-पीटकर हत्या ...और पढ़ें

बेतिया में अधेड़ की पीट-पीटकर हत्या
HighLights
बेतिया में पटाखा विवाद में अधेड़ मोतीलाल मुखिया की हत्या।
हमले में बचाने आए दो भतीजे भी गंभीर रूप से घायल।
पुरानी रंजिश भी इस हिंसक झड़प का मुख्य कारण बनी।
जागरण संवाददाता, बेतिया। नौतन थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर गांव में सोमवार की शाम घर के दरवाजे पर पटाखा बजाने से मना करना एक अधेड़ को भारी पड़ गया। इस बात को लेकर हुए विवाद में हमलावरों ने ईंट-पत्थर, लाठी-डंडे और धारदार हथियार से हमला कर दिया।
मारपीट में गंभीर रूप से घायल मोतीलाल मुखिया (60) की मौत हो गई। वहीं, उन्हें बचाने पहुंचे उनके दो भतीजे भी हमले में घायल हो गए। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपित घर छोड़कर फरार हो गए हैं।
दरवाजे पर पटाखा बजाने से मना किया
मृतक की पहचान लक्ष्मीपुर वार्ड संख्या दो निवासी स्व. पारस मुखिया के पुत्र मोतीलाल मुखिया के रूप में हुई है। बताया जाता है कि सोमवार की शाम करीब छह बजे कुछ लोग उनके घर के दरवाजे पर पटाखा बजा रहे थे।
मोतीलाल ने दरवाजे पर पटाखा बजाने से मना किया। इसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद हिंसक झड़प में बदल गया।
ईंट-पत्थर, लाठी-डंडे और धारदार हथियार से हमला
आरोप है कि सत्येंद्र कुमार, कार्तिक कुमार, राममूर्ति कुमार, सरोज कुमार, प्रदीप कुमार, शिवचनी देवी, नीतू कुमारी, गायत्री देवी, भवानी देवी और अमृता कुमारी आदि ने मिलकर उन पर ईंट-पत्थर, लाठी-डंडे और धारदार हथियार से हमला कर दिया। इस दौरान उनके सिर पर गंभीर चोट आई और हाथ भी टूट गया। हमले में वह बुरी तरह जख्मी हो गए।
बताया जाता है कि इस विवाद के पीछे पुरानी रंजिश भी एक वजह थी। मोतीलाल के भाई बलिराम मुखिया के पुत्र रत्न कुमार और पड़ोस की अमृता कुमारी के बीच प्रेम प्रसंग की बात सामने आई है। इसको लेकर करीब डेढ़ वर्ष पहले भी दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई थी। उस समय भी मामला थाने तक पहुंचा था और प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। आशंका जताई जा रही है कि इसी पुरानी रंजिश के कारण सोमवार को विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।
बचाने पहुंचे दो भतीजों को भी पीटा
मोतीलाल को हमलावरों से बचाने पहुंचे उनके भतीजे रितेश कुमार और दीपू कुमार को भी आरोपितों ने नहीं बख्शा। दोनों पर भी हमला कर दिया गया। इसमें रितेश का हाथ टूट गया, जबकि दीपू का कान कट गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। मोतीलाल की मौत के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई।
नौतन थानाध्यक्ष राजीव कुमार ने बताया कि मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। घायलों का इलाज कराया जा रहा है। मामले में नामजद आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।