बिहार में करोड़ों की लूट के बाद एक्शन में पुलिस, DIG ने दिया 48 घंटे में पर्दाफाश का भरोसा
बेतिया के सेनको गोल्ड एंड डायमंड्स शोरूम में करोड़ों की लूट के बाद पुलिस सक्रिय हो गई है। डीआईजी ने ...और पढ़ें
HighLights
डीआईजी ने बेतिया लूटकांड स्थल का गहन निरीक्षण किया।
करोड़ों के आभूषण लूट मामले में एसआईटी गठित।
पुलिस ने 48 घंटे में पर्दाफाश का भरोसा दिलाया।
जागरण संवाददाता, बेतिया (पश्चिम चंपारण)। बिहार के बेतिया में सेनको गोल्ड एंड डायमंड्स शोरूम में करोड़ों रुपये के आभूषण लूट के बाद पुलिस महकमा पूरी तरह सक्रिय है।
डीआईजी ने करीब सात घंटे तक घटनास्थल पर रहकर मामले की गहन जांच की। उन्होंने शोरूम के अंदर वारदात से जुड़े विभिन्न पहलुओं का जायजा लिया और पुलिस अधिकारियों से अब तक की जांच की जानकारी ली।
सीसीटीवी फुटेज, बदमाशों के आने-जाने के रास्ते और लूट के तरीके को लेकर भी पड़ताल की गई। जांच के बाद बाहर निकले डीआइजी ने दो दिनों के भीतर पर्दाफाश करने का भरोसा दिलाया। कहा कि इसके लिए विशेष जांच टीम (एसआइटी) का गठन किया गया है।
टीम को अलग-अलग बिंदुओं पर जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई है। संदिग्ध ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। आसपास के जिलों के साथ सीमावर्ती क्षेत्रों में भी पुलिस की सक्रियता बढ़ाई गई है। पुलिस तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सुरागों के आधार पर बदमाशों तक पहुंचने में जुटी है।
लूटे गए आभूषणों का मिलान
पुलिस शोरूम के स्टाक से लूटे गए आभूषणों का मिलान करा रही है। डीआईजी ने बताया कि शोरूम में छोटे-छोटे आभूषण हैं। प्रत्येक आभूषण पर लगे टैग से मिलान करने में समय लगेगा। इसके लिए व्यवसायी के स्टाफ के साथ पुलिस की टीम भी सत्यापन में जुटी है।
उन्होंने बताया कि घटनास्थल पर एफएसएल की टीम ने पहुंचकर वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य संकलित किए हैं। जांच में जुटी पुलिस टीम इन साक्ष्यों के आधार पर बदमाशों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। घटनास्थल से मिले सुरागों का तकनीकी जांच के साथ मिलान किया जा रहा है।
शोरूम से डेढ़ किमी दूर बानूछापर तक गया डाग स्क्वायड
लूटकांड की जांच में जुटी पुलिस ने बदमाशों का सुराग पाने के लिए डाग स्क्वायड की मदद ली। खोजी कुत्ते को शोरूम से छोड़ा गया तो वह पूरब की ओर स्टेशन चौक की तरफ निकला।
स्टेशन चौक के समीप आदित्य विजन के शोरूम से मुड़कर करीब डेढ़ किलोमीटर दूर बानूछापर तक पहुंच गया। इस दौरान पुलिस टीम उसके पीछे-पीछे चलती रही। बानूछापर तक पहुंचने के बाद डाग स्क्वायड के संकेतों के आधार पर आसपास के इलाके में छानबीन की गई।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।