विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बेतिया की हवा में घुला जहर, सुबह 334 पहुंचा AQI स्तर, सांसों पर मंडराने लगा संकट

Published: Wed, 18 Nov 2026 04:03 PM (IST)

Bettiah AQI Level Today: बेतिया में वायु प्रदूषण का स्तर खतरनाक रूप से बढ़ गया है, बुधवार को AQI 334 ...और पढ़ें

सुबह नौ बजे तक शहर का एक्यूआई 318 के स्तर पर बना रहा, जिससे हवा रेड जोन में पहुंच गई।

सुबह नौ बजे तक शहर का एक्यूआई 318 के स्तर पर बना रहा, जिससे हवा रेड जोन में पहुंच गई। 

HighLights

  1. बेतिया में वायु गुणवत्ता सूचकांक 334 के खतरनाक स्तर पर।

  2. धूल, कचरा, वाहन धुआं प्रदूषण के मुख्य कारण बने।

  3. बच्चों, बुजुर्गों, सांस रोगियों के लिए हवा बेहद खतरनाक।

मनोज मिश्र, बेतिया (पश्चिमी चंपारण)। Bettiah Air Pollution News: शहर की हवा में प्रदूषण का स्तर लगातार लोगों की चिंता बढ़ा रहा है।

बुधवार को सुबह होते ही वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) में तेजी से उछाल दर्ज किया गया। सुबह छह बजे एक्यूआई 290 था, जो महज डेढ़ घंटे में 44 अंक बढ़कर 334 के खतरनाक स्तर तक पहुंच गया।

सुबह नौ बजे 318 रहा एक्यूआई

सुबह नौ बजे तक शहर का एक्यूआई 318 के स्तर पर बना रहा, जिससे हवा रेड जोन में पहुंच गई। हालांकि, दिन चढ़ने के साथ प्रदूषण के स्तर में कुछ गिरावट आई और सुबह 11 बजे एक्यूआई 261 तथा दोपहर 12 बजे 234 पर आ गया।

सुबह के समय हवा की यह खराब गुणवत्ता बच्चों, बुजुर्गों और सांस के रोगियों के लिए बेहद खतरनाक साबित हो रही है।

धूल और कचरे से बढ़ा प्रदूषण

नगर की सड़कों के किनारे लगे कूड़े के अंबार और गंदगी से वातावरण दूषित हो रहा है। इसके अलावा चौक-चौराहों पर लगने वाले जाम से वाहनों का धुआं और निर्माण कार्यों से उड़ती धूल हवा को जहरीला बना रही है।

छठ महापर्व के दौरान हुई आतिशबाजी के धुएं का असर भी अब तक वातावरण में बना हुआ है, जिसके चलते मंगलवार को एक्यूआई 590 तक पहुंच गया था।

स्वास्थ्य पर पड़ रहा बुरा असर

डॉ. अमिताभ चौधरी के अनुसार, स्वास्थ्य के दृष्टिकोण से एक्यूआई 50 के आसपास रहना सबसे बेहतर है और 100 तक भी नुकसान नहीं होता। लेकिन एक्यूआई 200 के पार जाने का मतलब है कि हवा में मौजूद प्रदूषक कण सांस के जरिए शरीर में प्रवेश कर रहे हैं।

इससे खांसी, सांस लेने में तकलीफ, फेफड़ों व गले में संक्रमण, स्किन एलर्जी और बालों के झड़ने जैसी समस्याएं पैदा होती हैं।

अस्थमा और हृदय रोगी रहें सतर्क

प्रदूषित हवा में सांस लेने से अस्थमा, हृदय रोग, बीपी और एलर्जी के मरीजों की परेशानी काफी बढ़ जाती है। डाक्टरों ने ऐसे मरीजों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।

18 नवंबर को एक्यूआई का उतार-चढ़ाव

  • सुबह 6 बजे: 290
  • सुबह 7 बजे: 334
  • सुबह 8 बजे: 323
  • सुबह 9 बजे: 318
  • सुबह 10 बजे: 278
  • सुबह 11 बजे: 261
  • दोपहर 12 बजे: 234

एक्यूआई की कैटेगरी और इसका प्रभाव

  • 0-50: अच्छा
  • 51-100: संतोषजनक
  • 101-200: मध्यम
  • 201-300: खराब
  • 301-400: बेहद खराब
  • 401-500: गंभीर

प्रदूषण से बचाव के प्रमुख उपाय

  • घर से बाहर निकलते समय अच्छी क्वालिटी के मास्क और आंखों पर चश्मे का उपयोग करें।
  • सुबह की सैर पर जाने से बचें और योग व एक्सरसाइज घर के अंदर ही करें।
  • बाहर से लौटने पर हाथ-मुंह धोएं और आंखों को साफ व ठंडे पानी से क्लीन करें।
  • खानपान और दिनचर्या में करें बदलाव
  • शरीर में पानी की कमी न होने दें और दिनभर में भरपूर मात्रा में पानी पिएं।
  • भोजन में हरी पत्तेदार सब्जियां, साग, गोभी, शलजम और जूस शामिल करें, लेकिन इन्हें बनाने से पहले अच्छी तरह धो लें।
  • बाहरी चीजों को खाने से परहेज करें, रोज एक गिलास गुनगुना दूध पिएं और आसपास की हवा शुद्ध रखने के लिए घर के गमलों में पौधे लगाएं।

यह भी पढ़ें- 24 डिग्री तक पहुंचा अधिकतम तापमान, फिर भी कम नहीं हो रही ठंड, यह है असली वजह

एयर क्वालिटी इंडेक्स को मानक के अनुरूप बनाए रखने के लिए प्रयास हो रहा है। शहर की साफ सफाई व अन्य एहतियातन कदम उठाए जा रहे हैं।

-

गायत्री देवी, उपमहापौर, बेतिया

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।