मधुबनी में कार्तिक पूर्णिमा पर सजेगा ऐतिहासिक बांसी मेला; यूपी, बिहार और नेपाल से पहुंचेंगे लोग
बिहार-यूपी सीमा पर स्थित प्रसिद्ध बांसी मेले की कार्तिक पूर्णिमा के लिए तैयारियां शुरू हो गई हैं, जिसमें यूपी, बिहार और नेपाल से श्रद्धालु आते हैं।

मधुबनी में कार्तिक पूर्णिमा पर सजेगा ऐतिहासिक बांसी मेला (सौ. जागरण)
HighLights
कार्तिक पूर्णिमा पर बांसी मेले की तैयारियां जोरों पर।
यूपी, बिहार, नेपाल से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचेंगे।
मेला धार्मिक आस्था, मनोरंजन और खरीदारी का केंद्र।
संवाद सूत्र, मधुबनी। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर बिहार- यूपी सीमा स्थित बांसी में लगने वाले प्रसिद्ध बांसी मेले की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इस मेले में यूपी, बिहार और नेपाल के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं।
मेले को लेकर स्थानीय स्तर पर चहल-पहल बढ़ने लगी है। वहीं बाहर से आने वाले दुकानदारों ने अपनी दुकानें सजानी शुरू कर दी हैं।
कार्तिक पूर्णिमा पर आयोजित होने वाला यह मेला धार्मिक आस्था के साथ-साथ मनोरंजन और खरीदारी के लिए भी खास पहचान रखता है। मेले में इस बार भी झूला, ब्रेक डांस, मौत का कुआं सहित कई मनोरंजक खेल और आकर्षक कार्यक्रम लोगों के आकर्षण का केंद्र रहेंगे।
मेला परिसर में धीरे-धीरे रौनक बढ़ने लगी
बच्चों से लेकर युवाओं और बुजुर्गों तक में मेले को लेकर खास उत्साह रहता है। मेले में खिलौने, मिठाई, घरेलू उपयोग की वस्तुओं, सौंदर्य प्रसाधन और खानपान की दुकानें भी सज रही है। दुकानदारों के पहुंचने से मेला परिसर में धीरे-धीरे रौनक बढ़ने लगी है।
स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि इस बार भी मेले में श्रद्धालुओं और दर्शकों की अच्छी भीड़ उमड़ेगी। मेले को लेकर लोगों में अभी से उत्साह देखा जा रहा है।
यह भी पढ़ें- विदेश की चकाचौंध में भी नहीं भूली संस्कृति, छठ मनाने मेलबर्न से बिहार पहुंचा NRI परिवार