Bihar News: बगहा के बलुआ-छतरौल में बनेगा पावर ग्रिड, एक दर्जन से अधिक गांवों को लाभ
पश्चिम चंपारण के बगहा-2 प्रखंड के बलुआ-छतरौल क्षेत्र में जल्द ही पावर ग्रिड का निर्माण होगा। इससे थरुहट क्षेत्र के एक दर्जन से अधिक गांवों को निर्बाध बिजली मिलेगी और लो-वोल्टेज की समस्या दूर होगी।

बगहा में लगेगा पावर ग्रिड। फाइल फोटो
HighLights
बगहा-2 के बलुआ-छतरौल में बनेगा नया पावर ग्रिड।
थरुहट क्षेत्र के गांवों को मिलेगी निर्बाध बिजली आपूर्ति।
खेती, शिक्षा और कारोबार को मिलेगा बड़ा लाभ।
संवाद सूत्र, बगहा। पश्चिम चंपारण जिले के बगहा दो प्रखंड के बलुआ-छतरौल क्षेत्र में जल्द ही पावर ग्रिड का निर्माण कराया जाएगा। ग्रिड निर्माण को लेकर भूमि उपलब्ध कराने की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। अंचल प्रशासन की ओर से करीब 60 डिसमिल जमीन संबंधित विभाग को उपलब्ध करा दी गई है।
जमीन का सीमांकन कर उसे विभाग के सुपुर्द भी कर दिया गया है, जिससे अब निर्माण कार्य शुरू होने का रास्ता साफ हो गया है। पावर ग्रिड निर्माण की इस पहल से थरुहट क्षेत्र के एक दर्जन से अधिक गांवों और पंचायतों के लोगों को आने वाले समय में बेहतर एवं निर्बाध बिजली आपूर्ति मिलने की उम्मीद है।
लंबे समय से ग्रामीण इलाकों में लो-वोल्टेज, बार-बार बिजली बाधित होने और अनियमित आपूर्ति की समस्या बनी हुई थी। ग्रामीणों का कहना है कि गर्मी के मौसम में स्थिति और भी खराब हो जाती थी।
विभागीय प्रस्ताव के बाद प्रशासन ने तेज की प्रक्रिया
जानकारी के अनुसार, बलुआ-छतरौल क्षेत्र में पावर ग्रिड निर्माण के लिए विभाग की ओर से भूमि का प्रस्ताव मांगा गया था। प्रस्ताव मिलने के बाद अंचल प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आवश्यक जमीन उपलब्ध कराई। राजस्व कर्मियों द्वारा भूमि का विधिवत सीमांकन किया गया और पूरी प्रक्रिया पूरी होने के बाद जमीन विभाग को हस्तांतरित कर दी गई।
बिजली व्यवस्था होगी मजबूत
बगहा दो के अंचल अधिकारी मो वसीम अकरम ने बताया कि क्षेत्र में लगातार बढ़ रही बिजली की मांग को देखते हुए पावर ग्रिड निर्माण की योजना बनाई गई है।
उन्होंने कहा कि ग्रिड बनने से थरुहट क्षेत्र की कई पंचायतों में बिजली व्यवस्था मजबूत होगी तथा उपभोक्ताओं को कम वोल्टेज और अनियमित बिजली आपूर्ति जैसी समस्याओं से राहत मिलेगी।
खेती, शिक्षा और कारोबार को मिलेगा लाभ
स्थानीय ग्रामीणों ने पावर ग्रिड निर्माण की पहल का स्वागत किया है। लोगों का कहना है कि बिजली व्यवस्था में सुधार होने से खेती-किसानी, छोटे व्यवसाय, शिक्षा और घरेलू कार्यों में काफी सुविधा होगी। वहीं क्षेत्र के विकास को भी नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।