पश्चिम चंपारण से वंदे भारत के गुजरते ही थम गई रेल की रफ्तार, 7 घंटे के ब्लॉक से यात्री परेशान
पश्चिम चंपारण के बगहा-खरपोखरा रेलखंड पर सात घंटे के मेगा ब्लॉक से ट्रेनें प्रभावित हुईं। कई पैसेंजर ट्रेनें रद्द हुईं और एक्सप्रेस ट्रेनें देरी से चलीं, जिससे यात्रियों को भारी असुविधा हुई।

बगहा-खरपोखरा रेलखंड पर सात घंटे के मेगा ब्लॉक के कारण बुधवार को प्रभावित रहा रेल परिचालन, ट्रेनों के इंतजार में स्टेशन पर परेशान दिखे यात्री । जागरण
HighLights
बगहा-खरपोखरा रेलखंड पर सात घंटे का मेगा ब्लॉक।
कई पैसेंजर ट्रेनें रद्द, एक्सप्रेस ट्रेनें घंटों देरी से।
यात्रियों को समय पर सूचना न मिलने से भारी परेशानी।
संवाद सूत्र, बगहा (पश्चिम चंपारण)। बगहा-खरपोखरा रेलखंड के बीच बुधवार को रेल ट्रैक पर कटिंग एवं कनेक्शन का कार्य कराने को लेकर करीब सात घंटे तक मेगा ब्लॉक लिया गया।
बगहा स्टेशन से पाटलिपुत्र जाने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस के गुजरने के बाद रेलवे की ओर से मेगा ब्लॉक लिया गया। इसके कारण इस रेलखंड पर ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहा।
कई पैसेंजर ट्रेनों को रद करना पड़ा, जबकि कई एक्सप्रेस ट्रेनों को दूसरे मार्ग से चलाया गया। वहीं, कुछ ट्रेनें मेगा ब्लॉक समाप्त होने के बाद घंटों की देरी से बगहा स्टेशन पहुंचीं। अचानक हुए इस परिचालन बदलाव के कारण यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
रेलवे के इस मेगा ब्लॉक का असर पैसेंजर से लेकर लंबी दूरी की एक्सप्रेस ट्रेनों तक देखने को मिला। 55096 गोरखपुर-नरकटियागंज पैसेंजर ट्रेन, जो सुबह करीब 10 बजे बगहा पहुंचती है,रद रही।
वहीं 55040 बरौनी-नरकटियागंज पैसेंजर, 55039 नरकटियागंज-बरौनी पैसेंजर और 55095 नरकटियागंज-गोरखपुर कैंट पैसेंजर ट्रेन का परिचालन भी रद रहा।
इसके अलावा 04014 आनंद विहार-लौकहा बाजार स्पेशल ट्रेन को कप्तानगंज और सीतामढ़ी के बीच डायवर्ट कर चलाया गया। 19726 खातीपुरा-अमृत भारत एक्सप्रेस का परिचालन भी सीतामढ़ी और कप्तानगंज के बीच परिवर्तित मार्ग से किया गया।
मेगा ब्लॉक के बाद देर शाम गुजरीं एक्सप्रेस ट्रेनें
मेगा ब्लॉक के कारण लंबी दूरी की ट्रेनों का परिचालन भी प्रभावित हुआ। 15274 सत्याग्रह एक्सप्रेस मेगा ब्लॉक समाप्त होने के बाद बगहा स्टेशन से देर शाम गुजरी।
14112 बापूधाम एक्सप्रेस को भी ब्लॉक समाप्त होने के बाद चलाया गया। वहीं 19037 बांद्रा-बरौनी अवध एक्सप्रेस शाम चार बजे के बाद बगहा स्टेशन से रवाना हुई।
दूसरी ओर, गोरखपुर की ओर जाने वाली 15273 सत्याग्रह एक्सप्रेस को रक्सौल से करीब चार घंटे रीशिड्यूल कर चलाया गया।
यह ट्रेन भी देर शाम बगहा से गोरखपुर की ओर रवाना हुई। 19038 बरौनी-बांद्रा अवध एक्सप्रेस भी बगहा स्टेशन से करीब चार घंटे की देरी से गुजरी।
यात्रियों की जुबानी, घंटों करना पड़ा इंतजार
मेगा ब्लॉक के कारण सबसे अधिक परेशानी उन यात्रियों को हुई, जिन्हें रोजमर्रा के काम, नौकरी, इलाज और जरूरी यात्रा के लिए पैसेंजर ट्रेनों पर निर्भर रहना पड़ता है।
यात्रियों का कहना था कि ट्रेनों के रद होने और मार्ग बदलने की जानकारी समय पर नहीं मिलने से उनकी परेशानी और बढ़ गई।
रौशन कुमार यादव ने बताया कि हम सुबह से ही स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार कर रहे थे। दस बजे आने वाली पैसेंजर ट्रेन रद होने की जानकारी मिली तो काफी परेशानी हुई। दूसरे साधन से जाने की व्यवस्था करनी पड़ी।
मोहन पटेल ने बताया कि हमें जरूरी काम से गोरखपुर जाना था। ट्रेन के समय पर नहीं आने के कारण घंटों स्टेशन पर बैठना पड़ा।
अगर मेगा ब्लॉक की जानकारी पहले मिल जाती तो हम उसी हिसाब से अपनी यात्रा की योजना बना लेते।मनोरमा देवी ने बताया कि बच्चों के साथ यात्रा करना काफी मुश्किल हो गया। मुनीन्द्र बारी ने बताया कि एक साथ कई ट्रेनों के रद और डायवर्ट होने से यात्रियों को काफी दिक्कत हुई।