विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

₹800 के लिए 'नर्क' बना सफर: ठेकेदार के भरोसे ट्रेन में चढ़े मजदूर, सीट तो दूर टॉयलेट के पास भी जगह नहीं

Published: Wed, 25 Nov 2026 02:52 PM (IST)

छठ के बाद रोजी-रोटी के लिए परदेश लौट रहे मजदूरों को ट्रेनों में भारी भीड़ और असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। ठेकेदार के भरोसे जनरल टिकट पर स्लीपर कोच में यात्रा करने पर उन्हें जुर्माना भी भरना पड़ा, जिससे उनकी परेशानी और बढ़ गई।

ट्रेन में फर्श और शौचालय के पास बैठे मजदूर। जागरण

ट्रेन में फर्श और शौचालय के पास बैठे मजदूर। जागरण

संवाद सहयोगी, नरकटियागंज। ठेकेदार ने भरोसा दिया था कि ट्रेन में बैठने की जगह मिल जाएगी। इसी उम्मीद में जनरल टिकट लेकर मजदूरों की टोली परदेश के लिए रवाना हुई, लेकिन ट्रेन में पैर रखने तक की जगह नहीं मिली। सीट तो दूर, शौचालय के पास भी बैठने की जगह नहीं मिली।

आखिरकार खड़े होकर सफर करना पड़ा। छठ की खुशियां समेटकर रोजी-रोटी की तलाश में लौट रहे मजदूरों के लिए यात्रा की शुरुआत ही परेशानी भरी रही। ऊपर से जनरल टिकट पर स्लीपर कोच में सफर करने के कारण टिकट जांच के दौरान जुर्माना भी भरना पड़ा।

छठ पर्व समाप्त होते ही नरकटियागंज और आसपास के क्षेत्रों से मजदूरों का परदेश लौटना शुरू हो गया है। मुजफ्फरपुर से पोरबंदर जाने वाली एक्सप्रेस समेत अन्य लंबी दूरी की ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ उमड़ रही है। रेलवे की ओर से पांच स्पेशल ट्रेनों का परिचालन किया जा रहा है।

सत्याग्रह एक्सप्रेस, सप्तक्रांति सुपरफास्ट, पोरबंदर और बांद्रा जाने वाली ट्रेनों में भी भीड़ कम होने का नाम नहीं ले रही है। इसका सबसे अधिक खामियाजा रोजगार के लिए दूसरे प्रदेश जाने वाले मजदूरों को भुगतना पड़ रहा है।

ठेकेदार के भरोसे चढ़े, फर्श पर बीती यात्रा

मुजफ्फरपुर से पोरबंदर जाने वाली एक्सप्रेस में चकिया के नौ मजदूरों की टोली मिली। सभी को अहमदाबाद जाना था। टोली में सरोज शाह, मनोज शाह, जमुना शाह, गंगा शाह, सफाई शाह और सोहन शाह सहित अन्य मजदूर शामिल थे।

मजदूरों ने बताया कि ठेकेदार ने ट्रेन में बैठने की जगह दिलाने का भरोसा दिया था। इसी भरोसे सभी का जनरल टिकट बनवाकर ट्रेन में चढ़ा दिया गया, लेकिन ट्रेन में इतनी भीड़ थी कि खड़े होने तक की जगह नहीं मिली।

मजबूरी में मजदूर शौचालय के पास खड़े होकर यात्रा करने लगे। वहां यात्रियों की आवाजाही लगातार जारी थी। काफी देर तक खड़े रहने के बाद कुछ मजदूर नीचे बैठने को विवश हुए।

इसी दौरान टिकट जांच करने पहुंचे टीटीई ने जनरल टिकट पर स्लीपर कोच में सफर करने के कारण उनका जुर्माना भी काटा। मजदूरों ने कहा कि सीट मिलने की उम्मीद में निकले थे, लेकिन सफर में परेशानी और जुर्माना दोनों झेलना पड़ा।

दो वक्त की रोटी के लिए झेल रहे परेशानी

मजदूरों ने बताया कि ट्रेन में खाने-पीने और शौचालय जाने तक में परेशानी हो रही है। कई बार सफर छोड़कर उतर जाने का मन होता है, लेकिन परिवार के भरण-पोषण की जिम्मेदारी उन्हें ऐसा करने नहीं देती।

अहमदाबाद पहुंचने के बाद ठेकेदार काम पर लगाएगा। वहां प्रतिदिन 800 रुपये मजदूरी मिलेगी। अब अगली बार होली में ही घर लौटने की उम्मीद है।

छठ पर परिवार के बीच बिताए खुशियों के पल पीछे छूट गए हैं। रोजगार और परिवार की जरूरतें पूरी करने के लिए मजदूरों को फिर भूख, प्यास और असुविधाओं के बीच लंबा सफर तय करना पड़ रहा है। उनके लिए आरामदायक यात्रा से अधिक जरूरी परदेश पहुंचकर काम पकड़ना और घर का खर्च चलाना है।

रेल प्रशासन की ओर से खासकर छठ बीतने के बाद कई ट्रेनों का परिचालन किया जा रहा है, ताकि यात्रियों को जाने में परेशानी नहीं हो। - मोहम्मद कलीम, स्टेशन प्रबंधक, नरकटियागंज

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।