विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नेपाल में बाढ़ से तबाही के बाद बिहार के बगहा में बजी खतरे की घंटी, खाली कराए जा रहे निचले इलाके

Published: Wed, 26 Aug 2026 04:50 PM (IST)Updated: Wed, 26 Aug 2026 05:45 PM (IST)

नेपाल में भूस्खलन और बाढ़ की आशंका के चलते गंडक नदी में जलस्तर बढ़ने की संभावना पर बगहा प्रशासन अलर्ट हो गया है।

नेपाल भूस्खलन के बाद गंडक नदी में बाढ़ का खतरा, बगहा में निचले इलाके खाली कराए जा रहे

नेपाल भूस्खलन के बाद गंडक नदी में बाढ़ का खतरा, बगहा में निचले इलाके खाली कराए जा रहे

HighLights

  1. नेपाल भूस्खलन से गंडक नदी में बाढ़ का खतरा बढ़ा।

  2. बगहा प्रशासन ने निचले इलाकों को खाली करने का निर्देश दिया।

  3. सुरक्षित स्थानों पर जाने और अफवाहों से बचने की अपील।

संवाद सूत्र, बगहा। नेपाल में भारी भूस्खलन और बाढ़ की सूचना के बाद गंडक नदी में अचानक पानी बढ़ने की आशंका को देखते हुए बगहा अनुमंडल प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। गंडक नदी के किनारे और निचले इलाकों में बसे लोगों को सतर्क करते हुए प्रशासन की ओर से लगातार माइकिंग कराई जा रही है।

लोगों से अपील की जा रही है कि वे अपने पशुओं समेत गंडक नदी के आसपास के निचले इलाकों को तत्काल खाली कर सुरक्षित स्थानों पर चले जाएं।बगहा अनुमंडल के नगर क्षेत्र में प्रशासन की ओर से विभिन्न इलाकों में माइकिंग कर लोगों को संभावित खतरे से अवगत कराया जा रहा है।

खासकर गंडक नदी के किनारे बसे परिवारों को नदी से दूरी बनाए रखने और सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी गई है। कैलाश नगर में बगहा दो के अंचलाधिकारी वसीम अकरम ने मौके पर पहुंचकर लोगों से जगह खाली करने की अपील की।

उन्होंने लोगों को समझाते हुए कहा कि किसी भी तरह का जोखिम नहीं लें और प्रशासन के निर्देश का पालन करते हुए सुरक्षित स्थान पर चले जाएं।इधर, मंगलपुर में राजस्व अधिकारी रवि प्रकाश चौधरी की मौजूदगी में भी लोगों को समझाकर गंडक नदी के तट से हटाया जा रहा है।

प्रशासनिक टीम लोगों से लगातार संपर्क कर रही है और उन्हें नदी के किनारे नहीं रहने की सलाह दी जा रही है। वहीं, चकदहवा में भी माइकिंग कर निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने के लिए कहा जा रहा है।

प्रशासन की टीम संवेदनशील क्षेत्रों में पहुंचकर स्थिति पर नजर बनाए हुए है। प्रशासन की ओर से लोगों को विशेष रूप से अपने पशुओं को भी सुरक्षित स्थानों पर ले जाने की अपील की गई है।

जरूरत पड़ने पर सामुदायिक रसोई की होगी व्यवस्था:

प्रशासन ने संभावित स्थिति से निपटने के लिए जरूरत पड़ने पर सामुदायिक रसोई संचालित करने की व्यवस्था भी तैयार रखने की बात कही है। यदि लोगों को सुरक्षित स्थानों पर विस्थापित करना पड़ता है तो उनके रहने और भोजन की व्यवस्था प्रशासन की ओर से की जाएगी।

संबंधित कर्मियों को भी संवेदनशील इलाकों पर नजर रखने और लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने के लिए तैयार रहने को कहा गया है।

नदी किनारे रहने वालों से सतर्क रहने की अपील:

बगहा दो के सीओ वसीम अकरम ने बताया कि बगहा दो प्रखंड क्षेत्र में गंडक नदी के किनारे माइकिंग करा दी गई है। लोगों से लगातार अपील की जा रही है कि वे गंडक नदी के किनारे से हटकर सुरक्षित स्थानों पर चले जाएं। प्रशासन की ओर से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजने की व्यवस्था की जा रही है।

उन्होंने कहा कि नेपाल में भूस्खलन की स्थिति को देखते हुए किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरती जा रही है और संवेदनशील इलाकों में प्रशासन की टीम लगातार निगरानी कर रही है।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी तरह की सूचना मिलने पर स्थानीय प्रशासन को तत्काल इसकी जानकारी दें। संभावित खतरे को देखते हुए प्रशासन और स्थानीय कर्मियों की टीम गंडक नदी के किनारे बसे इलाकों में लगातार सक्रिय है।

यह भी पढ़ें- नेपाल में आई बाढ़ से पश्चिम चंपारण में प्रशासन सतर्क, गंडक नदी का जलस्तर बढ़ने की आशंका; तटीय इलाकों में अलर्ट

यह भी पढ़ें- नेपाल में तबाही, बिहार में हाई अलर्ट: अमित शाह ने सम्राट चौधरी से की बात; CM ने बुलाई हाईलेवल मीटिंग