यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 13, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Bihar News: गले में दुपट्टा कसा, मुंह-कान से खून; बगहा में महिला का शव मिलने से सनसनी; पहचान में जुटी पुलिस
पश्चिम चंपारण के बगहा में सोमवार देर शाम एक महिला का गन्ने के खेत में शव मिलने से सनसनी फैल ...और पढ़ें

बगहा (पश्चिम चंपारण), जागरण संवाददाता। पश्चिम चंपारण के बगहा में एक महिला की गला दबाकर हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। महिला का शव शहर के रामनगर थाना क्षेत्र के रामनगर-लौरिया मुख्य सड़क पर बरगजवा गांव से पहले गन्ने के खेत में मिला है।
महिला की उम्र करीब 29 वर्ष बताई जा रही है। उसके कान और मुंह से खून भी निकला हुआ है, जिससे गला दबाकर हत्या करने के बाद शव को फेंकने की आशंका व्यक्त की जा रही है। हालांकि, महिला की पहचान नहीं की जा सकी है। शिनाख्त के लिए पुलिस इंटरनेट व अन्य माध्यमों का सहारा ले रही है।
सफेद कपड़े पहने महिला का मिला शव
जानकारी के अनुसार, सोमवार की देर शाम कुछ लोग खेत के समीप से जा रहे थे। तभी उनका ध्यान खेत में पड़ी महिला की तरफ गया। पास जाकर देखा तो महिला मृत थी। गले में दुपट्टा कसा था। कान और मुंह से खून भी निकला हुआ था। उसने सफेद रंग की सलवार और कमीज पहन रखी है।
शव छिपाने की कोशिश के तहत खेत में फेंका
अनुमान लगाया जा रहा है कि महिला की हत्या कहीं अन्यत्र जगह गला दबाकर कर दी गई है। साथ ही साक्ष्य को छुपाने के लिए शव को गन्ने के खेत में फेंक दिया गया है। पुलिस शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त कराने की कोशिश कर रही है। आसपास के गांव से लापता महिला की जानकारी भी जुटाई जा रही है।
आसपास के थानों से संपर्क साध रही पुलिस
हालांकि, मंगलवार दोपहर में खबर लिखे जाने तक उसकी पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस इसके लिए आसपास के थानों से संपर्क कर रही है। थानाध्यक्ष अनंत राम ने बताया कि चौकीदार नंदकिशोर के बयान पर अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।