बगहा में पति घर से निकला, पीछे से मां-बेटी ने खा लिया जहर; घर के विवाद ने मचाया हड़कंप
बगहा के गोईती गांव में घरेलू विवाद के बाद एक मां और उसकी 12 वर्षीय बेटी ने कथित तौर पर ...और पढ़ें

अस्पताल में इलाज के दौरान जांच पड़ताल के लिए पहुंची पुलिस।
HighLights
बगहा में घरेलू विवाद के बाद मां-बेटी ने कथित तौर पर जहर खाया।
पति के घर से निकलने के बाद हुई यह दुखद घटना।
दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, पुलिस कर रही है जांच।
जागरण संवाददाता, बगहा (पश्चिम चंपारण)। लौकरिया थाना क्षेत्र के गोईती गांव में गुरुवार को घरेलू विवाद के बाद मां-बेटी द्वारा कथित रूप से जहर खाने का मामला सामने आया।
दोनों की तबीयत बिगड़ने के बाद स्वजन में अफरातफरी मच गई। आनन-फानन में दोनों को अनुमंडलीय अस्पताल बगहा पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उपचार शुरू किया। घटना की सूचना पर पुलिस भी अस्पताल पहुंची और मामले की जानकारी ली।
विवाद के बाद घर से निकला था पति
बताया गया कि गोईती गांव निवासी कालेश्वर चौधरी के घर में उनके दो सगे भाइयों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। विवाद के दौरान घर में तनाव की स्थिति बन गई। इसी बीच कालेश्वर चौधरी ऑटो चलाने के लिए घर से बाहर चले गए। उनके जाने के बाद घर में उनकी पत्नी शांति देवी और 12 वर्षीय पुत्री पलक कुमारी मौजूद थीं।
अचानक बिगड़ी मां-बेटी की तबीयत
कालेश्वर के घर से बाहर जाने के कुछ देर बाद मां-बेटी की तबीयत अचानक बिगड़ गई। स्वजन को जब दोनों के कथित रूप से जहर खाने की जानकारी मिली तो उन्हें तत्काल अनुमंडलीय अस्पताल बगहा ले जाया गया। अस्पताल में चिकित्सक डॉ. तारीख नदीम ने दोनों का उपचार शुरू किया। दोनों की हालत को लेकर स्वजन चिंतित रहे।
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
घटना की सूचना मिलते ही लौकरिया थाने की पुलिस अस्पताल पहुंची। पुलिस ने मां-बेटी के जहर खाने की घटना के संबंध में स्वजन से पूछताछ की।
कालेश्वर चौधरी ने पुलिस को बताया कि घर में उनके दो भाइयों के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद वह ऑटो चलाने चले गए थे। इसी दौरान पत्नी और बेटी ने कथित रूप से जहर खा लिया।
पुलिस घटना के कारणों और परिस्थितियों की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
यह भी पढ़ें- दरभंगा में मां बनने अस्पताल पहुंची अंजली, अर्थी पर घर लौटी; नवजात भी नहीं बचा
यह भी पढ़ें- मुजफ्फरपुर में स्कूल गार्ड की हत्या की नीयत से पहुंचे दो बदमाश चढ़े ग्रामीणों के हत्थे
