विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बगहा में किराना कारोबारी के प्रतिष्ठानों पर GST टीम की जांच, ऑटो पार्ट्स लदा पिकअप जब्त

By Abu Sabir Edited By: Ajit kumar
Published: Wed, 11 Nov 2026 03:28 PM (IST)

बगहा में वाणिज्य कर विभाग की केंद्रीय अन्वेषण टीम ने एक किराना कारोबारी के प्रतिष्ठानों पर जीएसटी जांच अभियान चलाया। ...और पढ़ें

किराना प्रतिष्ठान की जांच पूरी होने के बाद सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

किराना प्रतिष्ठान की जांच पूरी होने के बाद सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

HighLights

  1. पटना से आई जीएसटी टीम ने बगहा में जांच अभियान चलाया।

  2. किराना कारोबारी शंभू अग्रवाल के प्रतिष्ठानों पर अभिलेखों की पड़ताल हुई।

  3. वाणिज्य कर विभाग ने ऑटो पार्ट्स लदा एक पिकअप जब्त किया।

संवाद सहयोगी, बगहा (पश्चिमी चंपारण)। Bagaha GST Investigation: जिले के बगहा में मंगलवार की शाम पटना से पहुंची वाणिज्य कर विभाग की केंद्रीय अन्वेषण टीम ने किराना कारोबारी के प्रतिष्ठानों पर जांच अभियान चलाया।

नगर के पाकिस्तानी टोला निवासी शंभू अग्रवाल के अग्रवाल किराना भंडार समेत अन्य प्रतिष्ठानों में टीम ने स्थानीय अधिकारियों के साथ संयुक्त रूप से कारोबार से जुड़े अभिलेखों की पड़ताल की।

जांच की सूचना मिलते ही बाजार में हड़कंप मच गया और एहतियातन आसपास के कई दुकानदारों ने अपनी दुकानों के शटर गिरा दिए।

टर्नओवर और रिटर्न की जांच

जांच के दौरान टीम ने कारोबार के वास्तविक टर्नओवर, जीएसटी भुगतान और रिटर्न से संबंधित दस्तावेज खंगाले। कारोबार के अनुपात में समय पर राजस्व भुगतान नहीं करने, गलत रिटर्न दाखिल करने और वास्तविक कारोबार छिपाने की आशंका को लेकर भी अभिलेखों की पड़ताल की गई।

टीम ने प्रतिष्ठान में रखे कागजात, पंजियों और अन्य कारोबारी दस्तावेजों के साथ गोदाम व आवास से जुड़े अभिलेख भी देखे। देर शाम तक जांच जारी रही।

ऑटो पार्ट्स लदा पिकअप जब्त

इधर, वाणिज्य कर विभाग की टीम ने ऑटो पार्ट्स लदे एक पिकअप वाहन को भी जब्त कर नगर थाना पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस के अनुसार, पिकअप पर नगर के गोपाल प्रतिष्ठान के ऑटो पार्ट्स लादकर ले जाए जा रहे थे।

टीम ने वाहन को रोककर चालक से संबंधित कागजात मांगे, लेकिन आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर उसे जब्त कर लिया गया।

इसके बाद पिकअप को नगर थाना पुलिस के सुपुर्द करते हुए मामले के निष्पादन तक पुलिस अभिरक्षा में सुरक्षित रखने का निर्देश दिया गया।

कर चोरी पर विभाग सख्त

वाणिज्य राज्य कर सहायक आयुक्त शिवनारायण पासवान ने बताया कि कर संग्रह बढ़ाने और कर चोरी पर अंकुश लगाने के लिए विभाग लगातार अभियान चला रहा है।

इसी क्रम में मंगलवार को प्रतिष्ठानों की जांच के साथ वाहन पर भी कार्रवाई की गई। उन्होंने बताया कि किराना प्रतिष्ठान की जांच पूरी होने के बाद सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

कारोबारियों से अपील

सहायक आयुक्त ने कारोबारियों से समय पर कर जमा करने और कारोबार से संबंधित आवश्यक कागजात अपने साथ रखने की अपील की।

वहीं, नगर थानाध्यक्ष शैलेश कुमार ने बताया कि वाणिज्य कर विभाग की ओर से जब्त पिकअप थाने को सुपुर्द किया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई वाणिज्य कर विभाग के निर्देश के अनुसार की जाएगी।

यह भी पढ़ें- जीएसटी चोरी पर सख्ती: नई फर्मों पर जांच शुरू, रिटर्न से ई-वे बिल तक होगा ऑडिट

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।