बगहा में अतिक्रमण हटाने के दौरान रोड़ेबाजी, सफाईकर्मी घायल, तीन झोपड़ियां जलीं
बगहा में त्रिवेणी नहर-सबुनी रोड पर अतिक्रमण हटाने के दौरान रोड़ेबाजी हुई, जिसमें एक सफाईकर्मी घायल हो गया। विरोध के बीच कुछ अतिक्रमणकारियों ने अपनी झोपड़ियों में आग लगा दी।

बगहा में झोपड़ी में आग लगने के दौरान जुटी स्थानीय लोगों की भीड़। जागरण
HighLights
बगहा में अतिक्रमण हटाने के दौरान रोड़ेबाजी हुई।
सफाईकर्मी राजन राउत रोड़ेबाजी में घायल हो गए।
अतिक्रमणकारियों ने अपनी तीन झोपड़ियों में आग लगाई।
संवाद सूत्र, बगहा (पश्चिम चंपारण)। त्रिवेणी नहर-सबुनी रोड में गुरुवार की दोपहर दो बजे अतिक्रमण हटाने पहुंची नगर परिषद और प्रशासन की टीम को काफी मशक्कत करनी पड़ी। जेसीबी कार्रवाई शुरू होते ही अतिक्रमणकारियों ने विरोध करते हुए रोड़ेबाजी शुरू कर दी।
इसमें नगर परिषद के सफाईकर्मी राजन राउत के माथे पर चोट लग गई। उसे सीएचसी ले जाकर उपचार कराया गया। इस दौरान पुलिसकर्मियों के साथ भी धक्का-मुक्की की गई।
कार्रवाई के दौरान स्थिति उस समय और तनावपूर्ण हो गई, जब कुछ अतिक्रमणकारियों ने अपनी झोपड़ियों में खुद ही आग लगा दी।
देखते ही देखते करीब तीन झोपड़ियां जल गईं। हालांकि झोपड़ियों के अंदर कोई सामान नहीं था। सूचना पर बगहा से फायर ब्रिगेड के दो बड़े वाहन और रामनगर थाने से एक छोटा दमकल मौके पर पहुंचा। दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया।

अतिक्रमण हटाने का अभियान जारी रहा
विरोध के बावजूद प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने का अभियान जारी रखा और कई झोपड़ियों को खाली कराया। कार्रवाई के दौरान कुछ लोग खुद ही अपनी झोपड़ियां तोड़ने लगे, ताकि सामान को नुकसान से बचाया जा सके। अभियान पश्चिमी छोर से शुरू किया गया था। पूरे क्षेत्र को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया था।
नगर परिषद की ओर से दो छोटे और एक बड़े अर्थमूवर (जेसीबी) के साथ करीब आधा दर्जन ट्रैक्टर-ट्रालियां लगाई गई थीं। अधिकारी और कर्मी पूरे अभियान में मौजूद रहे।
मजिस्ट्रेट के रूप में सीओ वेद प्रकाश और ईओ मुकेश कुमार के अलावा त्रिवेणी नहर के सहायक अभियंता सुनील पंडित, जेई अजीत कुमार भट्ट, सिटी मैनेजर इंटू कुमार समेत अन्य अधिकारी मौजूद थे।
बड़ी संख्या में पुलिस जवान और महिला सिपाही भी तैनात रहे। अतिक्रमण हटाने का अभियान मंगलवार से चल रहा था।
पहले दिन अतिक्रमणकारियों को अल्टीमेटम देकर छोड़ दिया गया। दूसरे दिन विरोध और पुलिस बल के देर से पहुंचने के कारण अभियान आंशिक रूप से चला। तीसरे दिन विरोध, रोड़ेबाजी और आगजनी के बीच आखिरकार कई अतिक्रमण खाली कराए गए।
अभियान चलाया गया है। अतिक्रमणकारियों ने स्वयं अपने झोपड़ी में आग लगाई है। इस मामले में कुछ लोगों को चिन्हित किया जा रहा है। उन पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
वेद प्रकाश, सीओ, रामनगर ।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।