विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार का नया इंडस्ट्रियल हब बनेगा वैशाली! 1300 एकड़ में बिछेगा फैक्ट्रियों का जाल, PM मोदी देंगे सौगात

Published: Thu, 19 Nov 2026 05:42 PM (IST)

वैशाली जिला बिहार का एक प्रमुख औद्योगिक केंद्र बनने जा रहा है, जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 नवंबर को नए औद्योगिक क्षेत्रों का शिलान्यास करेंगे।

पीएम मोदी 21 नवंबर को आएंगे बिहार। (फोटो- PTI)

पीएम मोदी 21 नवंबर को आएंगे बिहार। (फोटो- PTI)

HighLights

  1. पीएम मोदी 21 नवंबर को औद्योगिक क्षेत्रों का शिलान्यास करेंगे।

  2. वैशाली में 1300 एकड़ भूमि पर नए उद्योग स्थापित होंगे।

  3. हजारों युवाओं को रोजगार मिलेगा, पलायन की समस्या कम होगी।

रवि शंकर शुक्ला, हाजीपुर। वैशाली जिला अब काफी तेजी से बिहार का बड़ा औद्योगिक हब बनने की ओर बढ़ रहा है। राजापाकर और जंदाहा अंचल क्षेत्र में करीब 1300 एकड़ भूमि पर औद्योगिक क्षेत्र का शिलान्यास 21 नवंबर को जाफरपट्टी में आयोजित समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी करेंगे।

यहां बड़ी संख्या में उद्योगों की स्थापना की केंद्र और राज्य सरकार की तैयारी है। समारोह में देश के जाने-माने औद्योगिक घरानों को आमंत्रित किया गया है।

वहीं, हाजीपुर में पहले से बड़ा औद्योगिक क्षेत्र है, जहां देश की कई नामी-गिरामी औद्योगिक इकाईयां संचालित हैं। इधर, हाल के वर्षों में राज्य सरकार की ओर से गोरौल स्थित चीनी मील की भूमि पर औद्योगिक क्षेत्र का विकास किया जा रहा है।

चीनी मील की भूमि को काफी पहले बियाडा को सौंपा जा चुका है। सबसे बड़ी बात यह है कि तीनों औद्योगिक क्षेत्र को सुगम कनेक्टिविटी प्रदान करने को लेकर एनएच से जोड़ा गया है।

गोरौल स्थित औद्योगिक क्षेत्र पर हाजीपुर-मुजफ्फरपुर एनएच 22 पर स्थित है। वहीं, हाजीपुर स्थित औद्योगिक क्षेत्र हाजीपुर-जंदाहा एनएच 322 पर स्थित है। इधर, जंदाहा और राजापाकर अंचल में स्थापित हो रहे औद्योगिक क्षेत्र को सिक्सलेन पुल से हाेते हुए आमस को जाने वाली एनएच सिक्सलेन से जोड़ा गया है।

जिले में तीनों औद्योगिक क्षेत्रों के विकास के बाद अब वैशाली ही नहीं बड़ी संख्या में बिहार के युवाओं को रोजगार का अवसर उपलब्ध होगा एवं उन्हें रोजगार के लिए दूसरे प्रदेशों में नहीं जाना पड़ेगा।

बिहार में एक करोड़ युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में सरकार का सपना साकार होने की ओर है और इसमें वैशाली अपनी अहम भूमिका अदा करेगा।

औद्योगिक क्षेत्र के लिए 1234 एकड़ से अधिक भूमि IDA को सौंपी

जिले में औद्योगिक क्षेत्र की स्थापना और औद्योगिक विकास को गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की गई है। औद्योगिक क्षेत्र की स्थापना के लिए राजापाकर और जंदाहा अंचल में अर्जित की जा रही 11 मौजों की कुल 1234.42497 एकड़ भूमि का दखल-कब्जा बीते 07 नवंबर को औद्योगिक विकास प्राधिकरण (आईडीए), पटना को सौंप दिया गया।

इसके साथ ही भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया पूरी हो गई। डीएम वर्षा सिंह के निर्देश पर जिला भू-अर्जन कार्यालय ने भू-अर्जन और मुआवजा भुगतान की प्रक्रिया में तेजी लाई है।

अब तक करीब 5,200 रैयतों से संबंधित कुल 389 करोड़ रुपये के मुआवजा भुगतान की अंतिम कार्रवाई पूरी कर ली गई है।

2 और औद्योगिक क्षेत्र के विकास का प्रयास जारी

हाजीपुर में उत्तर बिहार के प्रमुख औद्योगिक क्षेत्र के विकास के अलावा वैशाली जिले में औद्योगिक विकास की दिशा में सरकार के स्तर पर और भी प्रयास किए जा रहे हैं।

जिले हाजीपुूर-मुजफ्फरपुर एनएच 22 स्थित गोरौल में बंद पड़ी भूमि को भी हाल के वर्षों में सरकार के स्तर पर बियाडा को सौंपी जा चुकी है।

इस भूमि को कई प्रमुख औद्योगिक इकाइयों की स्थापना के लिए आवंटित की गई है। यहां औद्योगिक इकाइयां स्थापित की जा रही है।

वहीं दूसरी ओर हाजीपुर-जंदाहा एनएच 322 पर जंदाहा में जिले से तीसरी बड़ी औद्योगिक इकाई की स्थापना सरकार के स्तर पर की जा रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 21 नवंबर को इसका शिलान्यास करेंगे।

गोरौल और जंदाहा में औद्योगिक इकाइयों की स्थापना से होगा विकास

वैशाली जिले के गोरौल और जंदाहा में औद्योगिक क्षेत्र की स्थापना से जिले में काफी संख्या में औद्योगिक इकाइयां निकट भविष्य में स्थापित होगी।

राजापाकर में 21 नवंबर को 100 एकड़ भूमि पर प्रधानमंत्री के हाथों देश के तीसरे राष्ट्रीय खाद्य प्रौद्योगिकी, उद्यमिता एवं प्रबंधन संस्थान (निफ्टेम) की स्थापना की नींव रखी जाएगी।

यहां दर्जनों की संख्या में देश की बड़े औद्योगिक घरानों के स्तर पर औद्योगिक इकाइयों की स्थापना से ना सिर्फ वैशाली बल्कि बिहार में औद्योगिक क्रांति आएगी।

इससे एक ओर जहां काफी तेजी के साथ वैशाली और बिहार विकास के पथ पर आगे बढ़ेगा बल्कि बड़ी संख्या में युवा-युवतियों को रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे।

इससे रोजगार के भटकने और धक्के खाकर दूसरे प्रदेशों में जाने से मुक्ति मिलेगी। जिला और बिहार में पलायन की समस्या से मुक्ति मिलेगी।

100 से 200 सौ करोड़ की लागत की कई फैक्ट्रियां

हाजीपुर में उत्तर बिहार का काफी पुराना औद्योगिक क्षेत्र है। वैसे तो यहां 100 से अधिक छोटी-बड़ी औद्योगिक इकाइयां हैं, पर 100 से 200 सौ करोड़ की लागत की कई फैक्ट्रियां हैं।

यहां स्थापित कई फैक्ट्रियों के उत्पाद देश ही नहीं विदेशों में भी भेजे जा रहे हैं। जूता फैक्ट्री, काम्पिटेंस एक्सपोर्टस प्राइवेट लिमिटेड में तैयार जूतों की मांग विदेशों में काफी है।

यह फैक्ट्री हल्के, मजबूत और अत्यधिक ठंडे मौसम (-40° सेंटिग्रेट तापमान) में भी कारगर रहने वाले सेफ्टी सुरक्षा जूते तथा यूरोपीय बाजारों के लिए लग्जरी डिजाइनर जूते बनाती है।

रूसी सेना के अलावा इटली, फ्रांस, स्पेन, ब्रिटेन (यूके) और बेल्जियम जैसे यूरोपीय देशों में भी यहां के बने जूतों की भारी मांग है।

इसके अलावा हाजीपुर औद्योगिक क्षेत्र में एवन साइकिल, गोदरेज एग्रो प्रोडक्ट, राकेश मसाला, ब्रिटेनिया बिस्किट एवं पेप्सिको जैसी दर्जनों बड़ी कंपनियां भी है जो बड़ी संख्या में युवा-युवतियों को रोजगार प्रदान कर रही है। इन औद्योगिक इकाइयों में करीब 05 से 07 हजार लोगों को रोजगार उपलब्ध हो रहा है।

यह भी पढ़ें- PM मोदी का बिहार दौरा: 21 नवंबर को वैशाली में NDA का शक्ति प्रदर्शन, राज्य को मिलेगा बड़ा पैकेज?

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।