वैशाली नाव हादसे पर मंत्री दीपक प्रकाश ने मानी प्रशासनिक चूक, बोले- जहां कमी है, उसे दूर करेंगे
बिहार के राघोपुर में नाव हादसे में 13 बच्चों की मौत के बाद मंत्री दीपक प्रकाश ने पीड़ित परिवारों से ...और पढ़ें
HighLights
मंत्री दीपक प्रकाश ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात की।
प्रशासनिक व्यवस्था में कमी को स्वीकार किया।
हादसे में हुई चूक पर कार्रवाई का आश्वासन।
संवाद सूत्र, राघोपुर। राघोपुर प्रखंड के रामपुर श्यामचंद पंचायत में 13 बच्चों की मौत के बाद शुक्रवार को बिहार सरकार के पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश ने गांव पहुंचकर मृतक के परिवार वालों से मुलाकात की। दीपक प्रकाश ने मृतक के परिवार वालों से मुलाकात कर घटना के संबंध में विस्तार पूर्वक जानकारी ली।
इस दौरान मीडिया से बात करते हुए माना कि प्रशासनिक व्यवस्था में कमी रही है और इस हादसे में जहां भी लैप्स है, उस पर मुकम्मल कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि प्रशासन की ओर से व्यवस्था में भी अगर कहीं कमी है, स्तर पर प्रशासन की ओर से व्यवस्था में कमी है, सभी चीजें दूर करने की जरूरत है। जहां कहीं भी कमी है, उसको दूर किया जाएगा और जहां कहीं भी लैप्स है, उसमें कार्रवाई भी मुकम्मल की जाएगी।
उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवारों को जो भी सहायता प्रदान की जा सकती है, सब कुछ किया जा रहा है और आगे जरूरी है कि इस तरीके की घटना फिर वापस से नहीं हो। इसके लिए व्यवस्था को कड़ी करने और बदलाव की जरूरत है, वह तमाम काम किया जाएगा।
जब पत्रकारों ने सवाल किया कि कार्रवाई के नाम पर सिर्फ तबादला कर खानापूर्ति की जा रही है, तो अधिकारी ने स्पष्ट किया, "नहीं, नहीं, तबादला नहीं, मुकम्मल कार्रवाई की जाएगी।"
बाढ़ के समय यह नाव प्रशासन द्वारा मुहैया कराई गई थी या निजी थी, इस सवाल पर अधिकारी ने कहा कि स्थानीय लोग बहुत कुछ नहीं बता पाएंगे, लेकिन इस बिंदु की निश्चित रूप से जांच की जा रही है।
उन्होंने यह भी बताया कि ग्रामीणों की मांग संज्ञान में आई है कि बाढ़ के तीन महीने के दौरान यहां स्थायी रूप से एसडीआरएफ की टीम उपलब्ध रहे, इस पर विचार किया जा रहा है।
मंत्री ने स्वास्थ्य व्यवस्था पर भी कहा कि पीड़ित परिवारों का कहना था कि कहीं न कहीं कमी रही है और निश्चित तौर पर कमी रही है, इसीलिए इस तरीके की घटना हुई है। व्यवस्था सुधारने के लिए जो भी जरूरी होगा, किया जाएगा।
दीपक प्रकाश ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र राघोपुर फतेहपुर जाकर डॉक्टर से जानकारी लेने के पश्चात कई आवश्यक दिशा निर्देश दिए। मृतक के परिवार वालो ने स्वास्थ्य विभाग के लापरवाही के कारण कई बच्चों की मौत की बात बताई।
इस मौके पर राष्ट्रीय लोक मोर्चा के वरिष्ठ नेता कमल सिंह, नागेश्वर राय, जिला अध्यक्ष, भाजपा नेता गौतम सिंह, जदयू के प्रखंड अध्यक्ष मंतोष कुमार सिंह, लोजपा रामविलास के प्रखंड अध्यक्ष राम जीवन पासवान, वीर बहादुर सिंह एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।
